- शराब एक सामाजिक बुराई है, जिसे सामाजिक मान्यता भी मिली हुई है। शराब के नशे में व्यक्ति ऐसे-ऐसे कुकर्म कर जाता है कि इंसानियत ही शर्मसार हो जाती है। ऐसा ही एक मामला मध्य प्रदेश की धार्मिक नगरी उज्जैन से सामने आया है, जहां एक व्यक्ति ने अपने ही बेटे को मौत की नींद सुला दिया।
- कहते हैं जब पिता का जूता बेटे के पांव में आने लगे तो समझ लें वह बड़ा हो गया है। इसके बाद पिता बेटे से जोर जबरदस्ती नहीं कर सकता। लेकिन उज्जैन के पावसा थाना क्षेत्र से जो दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। उसके अनुसार पिता ने बड़ी ही बेरहमी से अपने ही खून का खून कर दिया।
- शराब पीने का आदी है आरोपी
- जानकारी के अनुसार आरोपी पिता शराब पीने का आदी है। वह अक्सर शराब के नशे में घर पर पत्नी और बच्चों के साथ मारपीट किया करता था। वारदात के दिन उसने पत्नी को मायके भेज दिया। रात को पिता-पुत्र ने साथ में बैठकर शराब पी। इस बीच जब घर के अन्य सदस्य सो गए तो आरोपी ने बाथरूम में अपने ही छोटे बेटे विशाल का गला घोंट दिया।
- बेटे को मौत की नींद सुला दिया
- जब आरोपी पिता राय सिंह सोलंकी अपने बेटे का गला दबा रहा था, उस समय विशाल काफी छटपटाया, जिससे उसके सिर में गंभीर चोट आई। बाद में विशाल ने दम तोड़ दिया। इस तरह एक पिता अपने ही बेटे को मौत की नींद सुलाकर उसका हत्यारा बन गया।
- मामले की जांच में जुटी पुलिस
- बेटे विशाल को मौत के घाट उतारने के बाद पिता राय सिंह सोलंकी वहां से फरार हो गया। पुलिस ने मृतक विशाल के शव का जिला अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाकर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस की कई टीमें आरोपी पिता राय सिंह सोलंकी की तलाश में जुटी हैं।









































