बालाघाट।
जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस लगातार सक्रिय नजर आ रही है। पुलिस अधीक्षक आदित्य मिश्रा के निर्देशन में और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक निहित उपाध्याय तथा नगर पुलिस अधीक्षक मयंक कुमार तिवारी के मार्गदर्शन में कोतवाली पुलिस द्वारा सार्वजनिक स्थानों पर अशांति फैलाने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है।
दो अलग-अलग मामलों में कार्रवाई
20 मार्च 2026 को शहर में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए चलाए गए अभियान के दौरान दो अलग-अलग मामलों में पुलिस ने दो आरोपी गिरफ्तार किया। जिनमे मनोज पिता प्रेमलाल सेन45 वर्ष रामगली बालाघाट और कन्हैया पिता धरमसिंह सिंगमारे 33 वर्ष ग्राम मौवाड़ थाना कान्हीवाड़ा जिला सिवनी हाल मुकाम ग्राम धापेवाडा बालाघाट निवासी है।
सार्वजनिक स्थान पर मचा रहे थे उत्पात
कोतवाली पुलिस के मुताबिक 20 मार्च को सुबह करीब 10:20 बजे राम गली बालाघाट प्रेमलाल सेन के द्वारा अपनी पत्नी के साथ घरेलू विवाद के चलते पत्नी द्वारा रिपोर्ट करने की बात को लेकर सड़क पर गाली-गलौज और हंगामा करना शुरू कर दिया था। वह सार्वजनिक रूप से उत्पात मचाने लगा।मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने समझाइश देने की कोशिश की, लेकिन वह नहीं माना। इसके बाद उसे भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 170 के तहत गिरफ्तार किया गया। इसी प्रकार दोपहर करीब 3:00 बजे, धापेवाड़ा चौक क्षेत्र में कन्हैया सिंगमारे अपनी साली से बात करने को लेकर विवाद करते हुए सड़क पर गाली-गलौज और झगड़ा कर रहा था।पुलिस ने मौके पर पहुंचकर उसे भी समझाने का प्रयास किया, लेकिन उसके आक्रामक व्यवहार को देखते हुए उसे भी धारा 170 भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता के तहत गिरफ्तार कर लिया गया।
न्यायालय में पेश-जेल भेजे गये
गिरफ्तार दोनों आरोपियों को प्रतिबंधित करने हेतु इस्तगासा तैयार कर माननीय अनुविभागीय दंडाधिकारी की न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है।
कोतवाली पुलिस की अपील
बालाघाट पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि सार्वजनिक स्थानों पर शांति व्यवस्था बनाए रखें। कानून हाथ में लेने या सार्वजनिक रूप से अशांति फैलाने वालों के खिलाफ इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।








































