माध्यमिक शिक्षा मंडल मध्य प्रदेश भोपाल के बाद अब केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा मंडल ने मंगलवार को सीबीएसई कक्षा दसवीं और बारहवीं बोर्ड परीक्षा के परिणाम घोषित कर दिए।जिसके अनुसार जिले में जवाहर नवोदय विद्यालय, वारासिवनी का परिणाम शत-प्रतिशत रहा। नवोदय विद्यालय के कक्षा 12वीं (बाया, विज्ञान संकाय) के छात्र योग राहंगडाले ने 98.8 प्रतिशत के साथ जिले में टाप किया है।तो वही कक्षा दसवीं में भी जवाहर नवोदय विद्यालय की छात्रा श्रेया दरवड़े 96.8 प्रतिशत के साथ शीर्ष पर रहीं।इसी तरह सतपुड़ा वैली पब्लिक स्कूल, मांझापुर के दसवीं के छात्र अभय गौतम ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए 93 प्रतिशत अंकों के साथ स्कूल में पहला स्थान हासिल किया है। सतपुड़ा स्कूल के कक्षा 12वीं में वाणिज्य संकाय के सागर गुरनानी ने 96 प्रतिशत अंक के साथ उपलब्धि प्राप्त करते हुए स्कूल का नाम रोशन किया है।इसी तरह पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय, बालाघाट का बारहवीं के विज्ञान संकाय का परीक्षा परिणाम शत-प्रतिशत रहा। विज्ञान संकाय में इस वर्ष कुल 20 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी थी। सभी विद्यार्थियों ने अच्छे अंकों के साथ सफलता प्राप्त की है।तो वही विवेक ज्योति ज्ञानपीठ की दसवीं की छात्रा हिमांशी ने 93.8 प्रतिशत अंक प्राप्त किया। नतीजे आने के बाद बालाघाट इंग्लिश स्कूल में प्राचार्य सहित शिक्षिकों ने सफल छात्र-छात्राओं का मुंह मीठा कर बधाई दी।
नवोदय में दोनों कक्षाओं का 100 प्रतिशत रहा परीक्षा परिणाम
सीबीएसई के नतीजों में जवाहर नवोदय विद्यालय के विद्यार्थियों ने दोनों बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। जानकारी के अनुसार, नवोदय में कक्षा दसवीं में 83 और कक्षा 12वीं 73 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल थे। इनमें दोनों कक्षाओं के सभी 156 बच्चे उत्तीर्ण रहे। नवोदय विद्यालय के डिलेश अगासे ने 12वीं में वाणिज्य संकाय में 96.4 प्रतिशत (बेस्ट फाइव) अंक प्राप्त किया है, जो इस संकाय में जिले में शीर्ष पर हैं। केंद्रीय विद्यालय में कक्षा बारहवीं वाणिज्य संकाय में 31 विद्यार्थियों में से 30 ने अच्छे अंकों से सफलता प्राप्त की जबकि एक विद्यार्थी को पूरक प्राप्त हुआ है। केंद्रीय विद्यालय का बारहवीं का ओवरआल परिणाम 98.3 प्रतिशत रहा। विज्ञान संकाय में मेधावी बिसेन ने 92.4 प्रतिशत के साथ स्कूल में प्रथम रहीं। केवि के प्राचार्य अरुण तुमसरे ने सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं तथा परिजनों को बधाई दी है।
सतपुड़ा वैली पब्लिक स्कूल ने पाई सफलता
सतपुड़ा वैली पब्लिक स्कूल में कक्षा दसवीं के छात्र अभय गौतम ने 93 प्रतिशत अंकों के साथ स्कूल में पहला स्थान हासिल किया। छात्रा सृष्टि जायसवाल ने 90 प्रतिशत अंक हासिल किया। उज्ज्वल तिवारी ने 87, आदर्श पटले ने 87, जीत टेम्भरे ने 86, आशिका जैन ने 84, तमन्ना बंसारे ने 83 और विपुल बागड़े ने 82 प्रतिशत अंक प्राप्त किए। कक्षा 12वीं में कामर्स संकाय के छात्र सागर गुरनानी ने 96 प्रतिशत हासिल किया है। बायोलाजी संकाय के आयुष घोडेस्वर ने 87, गणित संकाय से ओम धुवारे ने 85 प्रतिशत अंक प्राप्त करके स्कूल का नाम ऊंचा किया है। प्राचार्या पूर्णिमा देशमुख ने सभी सफल छात्र-छात्राओं और उनके अभिभावकों को बधाई दी है।
नंदिनी चौबे ने प्राप्त किए 94.2 प्रतिशत अंक
बालाघाट इंग्लिश स्कूल की 10वीं की छात्रा नंदिनी चौबे ने 94.2 प्रतिशत अंक प्राप्त किए हैं। 12वीं में कला संकाय की सुभीक्षा दुबे 95.4 के साथ स्कूल में प्रथम रहीं। आरोही बोपचे ने वाणिज्य संकाय में 95.2 और विज्ञान संकाय में तुषार छाबड़ा ने 88.2 प्रतिशत अंक प्राप्त किए हैं। बालाघाट एजकेशन सोसाइटी के अध्यक्ष गोपाल अग्रवाल, सचिव विश्वजीत मंडल, वरिष्ठ उपाध्यक्ष बलदेव गुप्ता, विजय तिवारी, प्राचार्य जयकुमार पिल्लई सहित सभी स्टाफ ने सफल छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया।
केंद्रीय विद्यालय का उत्कृष्ट रहा परीक्षा परिणाम
मंगलवार 13 मई को सीबीएससी बोर्ड ने, कक्षा 10वीं एवं कक्षा 12वीं का परीक्षा परिणाम जारी कर दिया। जिसमें पीएम श्री केन्द्रीय विद्यालय बालाघाट की छात्रा पूजा केवलानी ने वाणिज्य संकाय में 95.2 प्रतिशत अंको के साथ स्कूल में टॉप किया है। जबकि विज्ञान संकाय में कु. मेधावी बिसेन ने 92.4 प्रतिशत अंको के साथ प्रथम स्थान, आर्यन अग्रवाल ने 91.8 प्रतिशत अंको के साथ द्वितीय स्थान एवं कु. समीक्षा ठाकरे ने 90.4 प्रतिशत अंको के साथ तृतीय स्थान प्राप्त किया है।इसी प्रकार महर्षी विद्यालय में कक्षा 12 वीं में सिद्धी मिश्रा ने 85 प्रतिशत अंक के साथ स्कूल में प्रथम और कक्षा दसवीं में भावेश मस्करे ने 96 प्रतिशत के साथ प्रथम स्थान अर्जित किया है।
एमबीए करना चाहती हूं, श्रेया दरवड़े
कक्षा दसवीं में 96.8 प्रतिशत अंक हासिल करने वालीं नवोदय विद्यालय की छात्रा श्रेया दरवड़े ने बताया कि वह रोजाना 11 घंटे पढ़ाई को देती थी। परीक्षा के दौरान माता-पिता ने हमेशा हिम्मत दी और प्रेरित किया। श्रेया आगे चलकर एमबीए करना चाहती है। खुर्सीपार फोगलटोला निवासी श्रेया के पिता जितेंद्र दरवड़े शिक्षक हैं। जितेंद्र ने बताया कि उन्हेंं बेटी श्रेया पर नाज है।
किसान के बेटे ने किया कमाल,सीए बनना चाहते है- डिलेश
12वीं में वाणिज्य संकाय में 96.4 अंक हासिल करने वाले डिलेश के पिता शिवप्रसाद अगासे किसान हैं। डिलेश ने बताया कि उन्होंने पढ़ाई को बोझ नहीं समझा। नवोदय विद्यालय के शेड्यूल के अनुसार पढ़ने के साथ रात में पढ़ाई को अधिक समय देता था। महकेपार, तिरोड़ी निवासी डिलेश भविष्य में चार्टर्ड अकाउंटेट बनना चाहते हैं।
सीएस बनना चाहती है पूजा
केन्द्रीय विद्यालय में टॉपर रही पूजा केवलानी, सीएस (कंपनी सेक्रेटरी) की तैयारी कर रही है और हाल ही में उसने, इसकी परीक्षा दी है। मीडिया से चर्चा करते हुए पूजा बताती है कि जितनी उम्मीद थी, उससे ज्यादा प्रतिशत रहा है। वह अपनी सफलता का क्रेडिट स्कूल प्राचार्य, शिक्षक और परिवार को देती है।
इंजीनियर बनना चाहता है आर्यन
आर्यन ने घर में ही ऑनलाईन रिजल्ट देखा। जिसकी सफलता से पूरा परिवार उत्साहित है। आर्यन बताते है कि जेईई की तैयारी के साथ ही उन्होंने विषयों की तैयारी की। जिससे उन्हें यह सफलता मिली है। आर्यन इंजीनियर बनना चाहता है। वर्तमान में आर्यन जेईई एडवांस की तैयारी कर रहा है।
गणित विषय से आगे पढ़ाई करना चाहता है समर्थ
दसवीं परीक्षा में टॉप करने वाले समर्थ बिसेन बताते है कि जितनी उम्मीद थी, उससे अच्छा परिणाम आया है। वह आगे मैथ्स साईंस से पढ़ाई करना चाहता है।
सभी विघार्थियों ने किया उत्कृष्ट प्रदर्शन- तुमसरे
केंद्रीय विद्यालय प्राचार्य अरूण कुमार तुमसरे ने बताया कि विज्ञान संकाय में इस वर्ष कुल 20 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी थी। जिसमे सभी ने अच्छे अंको के साथ सफलता प्राप्त की है। वही कक्षा बारहवी वाणिज्य संकाय में 30 विद्यार्थियों ने अच्छे अंको से सफलता प्राप्त की है। उन्होंने बताया कि विद्यालय का कक्षा बारहवी का कुल परीक्षा परिणाम 98.3 प्रतिशत रहा। इसी प्रकार वाणिज्य संकाय में कु. पूजा केवलानी ने 95.2 प्रतिशत अंको के साथ प्रथम, कु. नित्यश्री अय्यर ने 95 प्रतिशत अंको के साथ द्वीतीय स्थान एवं कु. अर्पिता भामू ने 93 प्रतिशत अंको के साथ तृतीय स्थान प्राप्त किया। इस वर्ष कक्षा दसवी में कुल 83 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी थी। जिसमें सभी कर सफलता प्राप्त की है। कक्षा दसवी में मास्टर समर्थ बिसेन ने 96 प्रतिशत अंको के साथ प्रथम, कु. गुंजन बोपचे ने 95.4 प्रतिशत अंको के साथ द्वितीय और कु. जाग्रती कटरे ने 95 प्रतिशत अंको के साथ तृतीय स्थान प्राप्त किया। उन्होंने बताया कि परीक्षा में सभी विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है जिन्होंने समस्त स्टाफ की तरफ से विद्यार्थियों को शुभकामनाएं प्रेषित करते हुए उन्हें बधाइयां दी है।










































