सोने की कीमत 27 महीनों में सबसे ऊंची:पिछले 10 दिन में 1 हजार 261 रुपए बढ़े दाम, डॉलर के कमजोर होने से आई तेजी

0

सोना एक बार फिर 53,600 रुपए प्रति 10 ग्राम से ऊपर निकल गया। ये करीब 27 महीनों में सोने की सबसे ऊंची कीमत है। इससे पहले 18 अगस्त 2020 को सोना 53,815 रुपए तक गया था। 2021 में इसने कभी 53 हजार का स्तर नहीं छुआ। दरअसल डॉलर में गिरावट के चलते दुनियाभर में सोने की कीमत बढ़ी है। इसका असर भारतीय बाजार में भी देखा जा रहा है।

इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन (IBJA) के मुताबिक, शुक्रवार को सोने (24 कैरेट) की कीमत 53,611 रुपए प्रति 10 ग्राम हो गई। सिर्फ दो दिन में सोना 860 रुपए और बीते 10 दिन में 1,261 रुपए महंगा हो गया। 23 नवंबर को सोना 52,350 रुपए प्रति 10 ग्राम था। 2022 में इससे पहले सिर्फ एक बार 18 अप्रैल को सोना 53,600 से ऊपर 53,603 रुपए तक गया था।

इन तीन बड़े कारणों से महंगा हो रहा सोना

  • डॉलर में गिरावट के चलते अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोना खरीदने के लिए अब ज्यादा डॉलर चुकाना पड़ रहा है।
  • चीन में 22 जनवरी से नए साल का जश्न शुरू होगा, इस दौरान वहां सबसे ज्यादा सोना खरीदा जाता है।
  • लोकल करंसी को सपोर्ट के लिए भारत-चीन समेत दुनियाभर के सेंट्रल बैंक लगातार सोना खरीद रहे हैं।

भारत के घरों में 25 हजार टन सोना मौजूद होने का अनुमान
IBJA देश के 14 बड़े शहरों में सोने की औसत कीमत बताता है। विश्लेषकों के मुताबिक, 2023 में भी सोने में तेजी जारी रह सकती है। सोने की यह कीमत भारत के लिए इसलिए भी खास है, क्योंकि हमारे देश में करीब 25 हजार टन सोना लोगों के घरों में मौजूद होने का अनुमान है। इसे आप नीचे दिए ग्राफिक के जरिए समझ सकते हैं…

पावेल की टिप्पणी के बाद शुरू हुई तेजी
अमेरिकी केंद्रीय बैंक फेड के चेयरमैन जेरोम पावेल ने बुधवार को कहा था कि अब ब्याज दरों में कम बढ़ोतरी की जाएगी। केडिया एडवाइजरी के डायरेक्टर अजय केडिया के मुताबिक, इसके चलते डॉलर गिरने लगा और सोने में तेजी शुरू हो गई। ओरिगो कमोडिटीज के सीनियर मैनेजर (कमोडिटी रिसर्च) इंद्रजीत पॉल ने कहा कि आगामी महीनों में सोने में तेजी जारी रह सकती है।

अगले साल 61,000 तक पहुंचने के आसार
केडिया ने कहा कि 22 जनवरी से चीन में नए साल का जश्न शुरू हो रहा है। इस दौरान वहां सोने की सबसे ज्यादा खरीदारी होती है। इसके अलावा दुनियाभर के सेंट्रल बैंक लगातार सोना खरीद रहे हैं। इसके चलते सोने में तेजी जारी रहने की संभावना है। उन्होंने कहा, ‘सोने जैसी कमोडिटी में तेजी अमूमन लंबे समय तक टिकती है। हमारा अनुमान है कि अगले साल सोना 60-61 हजार रुपए तक पहुंच सकता है।’

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here