हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड (HAL) ने बेंगलुरु में एयरो इंडिया 2023 एयर शो में प्रदर्शित HLFT-42 विमान मॉडल की टेल से भगवान हनुमान की तस्वीर को हटा दिया है। HAL के निदेशक डॉ. डीके सुनील ने कहा- ‘स्टिकर हटाने के लिए फैसला इंटरनल है।’
बेंगलुरु के येलहांका एयर फोर्स स्टेशन में 5 दिन चलने वाले कार्यक्रम की शुरुआत सोमवार को हुई, जहां यह मॉडल सबसे ज्यादा सुर्खियों में था। इसकी टेल पर हनुमानजी की फोटो थी। साथ ही एक मैसेज भी लिखा था- The Storm Is Coming (तूफान आ रहा है)।
डबल इंजन फाइटर ट्रेनिंग एयरक्राफ्ट है HLFT- 42
HLFT-42 नए पायलट्स को मॉडर्न वॉर टेक्नीक सिखाने के लिए बनाया गया है। शो में इसका प्रोटोटाइप प्रदर्शित हुआ। यह मॉडल फ्लाई बाय वायर (FBW) कंट्रोल सिस्टम के साथ एक्टिव इलेक्ट्रॉनिकली स्कैन्ड एरे (AESA), इलेक्ट्रॉनिक वारफेयर (EW) सूट, इन्फ्रारेड सर्च एंड ट्रैक (IRST) जैसी एवियोनिक सुविधाओं से लैस होगा। कंपनी ने अभी इसे कोई नाम नहीं दिया है।
HALT-42 एयरक्राफ्ट वर्तमान ट्रेनर एयरक्राफ्ट हॉक आई-132, सबसोनिक ट्रेनर और मिग-21 के बीच के गैप को कम करेगा। यह एयरक्राफ्ट डबल इंजन वाला नेक्सच जेन सुपरसोनिक ट्रेनर है। एयरक्राफ्ट एक्टिव इलेक्ट्रॉनिकली स्कैन्ड एरे, इलेक्ट्रिक वारफेयर सूट, इंफ्रारेड सर्च एंड ट्रैक और फ्लाई बाई वायर कंट्रोल सिस्टम से लैस है।
HAL को मिले 84 हजार करोड़ का ऑर्डर- CMD
हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड के अध्यक्ष और प्रबंध निदेशक सीबी अनंतकृष्णन ने बताया कि HAL के पास 84,000 करोड़ रुपए के ऑर्डर बुक हैं। जबकि 50,000 करोड़ रुपए के ऑर्डर पाइपलाइन में हैं। एयर शो के दौरान अर्जेंटीना ने 15 और मिस्र ने 20 लाइट कॉम्बैट एयरक्राफ्ट ‘तेजस’ को खरीदने में रुचि दिखाई है।
5 दिन में 75 हजार करोड़ के MoU साइन होंगे
एयर शो में लगभग 100 विदेशी और 700 भारतीय कंपनियों सहित 800 से ज्यादा डिफेंस कंपनियों की भागीदारी हो रही है। इस दौरान 75 हजार करोड़ के 251 MoU साइन किए जाएंगे।
इस शो में HAL के 15 प्रोडक्ट का प्रदर्शन किया गया है। साथ ही एयरो इंडिया शो में पहली बार दो अमेरिकी F-35 फाइटर एयरक्राफ्ट प्रदर्शित किए गए। इसके अलावा अमेरिकी दल ने F-16 और F-18 फाइटर जेट को भी प्रदर्शनी में रखा है, जो भारतीय सेना को ऑफर किए जाएंगे।
PM ने कहा था- ये सिर्फ शो नहीं, देश की ताकत है
13 फरवरी से 17 फरवरी तक चलने वाला शो मेक इन इंडिया, मेक फॉर द वर्ल्ड प्लान के मुताबिक स्वदेशी टेक्नोलॉजी को प्रदर्शित करने और विदेशी कंपनियों के साथ साझेदारी बनाने पर केंद्रित है। इसकी थीम ‘द रनवे टु ए बिलियन अपॉर्च्युनिटीज’ है।
शो के उद्घाटन के दौरान PM मोदी ने कहा, ‘पहले यह सिर्फ एयर शो था, लेकिन अब ये भारत की ताकत बनकर उभर रहा है। कोरोना काल के बाद पहली बार इस शो में दर्शक भी शामिल हो रहे हैं।’










































