पुलिस विभाग द्वारा वाहन चेकिंग तो हमेशा की जाती है लेकिन इस बार पुलिस मुख्यालय भोपाल से विशेष रुप से हेलमेट को लेकर दोपहिया वाहन सवार लोगों के लिए आदेश आया है। यह आदेश सभी जिलों के पुलिस अधीक्षक को प्राप्त हुए हैं तथा इस आदेश का सख्ती से पालन कराए जाने के निर्देश भी दिए गए हैं। इस आदेश में जो बिंदु दिए गए हैं उसके अनुसार अभी तक पुलिस द्वारा प्रमुख मार्गो में वाहन चेकिंग कर आम आदमियों पर ही हेलमेट वगैरह को लेकर चेकिंग की जाती थी लेकिन अब शासकीय अशासकीय एवं प्राइवेट कार्यालयों में भी कर्मचारियों को दोपहिया वाहन चलाने के दौरान हेलमेट अनिवार्य रूप से पहनने के निर्देश दिए गए हैं। हेलमेट धारण नहीं करने वालों के विरुद्ध सख्ती से कार्यवाही करते हुए कार्यालय में प्रवेश नहीं दिए जाने की सख्त हिदायत दिए जाने की बात कही गई है।
आपको बताये कि शासकीय कार्यालयों में भी आने वाले कर्मचारियों को हेलमेट अनिवार्य रूप से पहनने के निर्देश पूर्व में भी दिए गए थे, इसके परिपालन में यातायात विभाग द्वारा कुछ माह पूर्व कलेक्टर कार्यालय के समक्ष चेकिंग अभियान लगाकर कुछ कर्मचारियों के चालान भी काटे गए थे लेकिन वह कार्यवाही सिर्फ 1 दिन की कार्यवाही तक ही सीमित रही और उसके बाद वह कार्रवाई भी ठंडे बस्ते में चली गई थी। उसके बाद चालानी कार्यवाही आम नागरिकों पर की जा रही थी, कार्यवाही के दौरान कई वाहन चालक ऐसे ही मिलते थे जिनके पास चालान कटवाने उनके जेब में 100 रुपये भी नहीं होते थे।
इसी प्रकार सभी स्कूल कॉलेजों के प्रधान पाठक अभिभावक एवं कर्मचारियों के लिए निर्देश आये हैं कि वे अपने बच्चों को हेलमेट अवश्य धारण करने के लिए निर्देशित करें। जो भी अभिभावक या छात्र छात्रा हेलमेट धारण किए हुए नहीं मिलेंगे उन्हें शिक्षण संस्थाओं में प्रवेश नहीं देने की सख्त हिदायत दिए जाने के निर्देश प्राप्त हुए हैं। इसी तरह पेट्रोल पंप में बैनर पोस्टर लगाकर लोगों को हेलमेट धारण करने के लिए जागरूक करने तथा जो वाहन चालक हेलमेट पहने नहीं मिलेंगे उन्हें पेट्रोल नहीं दिए जाने के निर्देश दिए गए हैं।
इसी तरह ग्राम पंचायत, नगर पंचायत एवं नगरपालिका के माध्यम से वाहनों की पार्किंग में भी लोगों को हेलमेट धारण करने की स्थिति में हीं वाहन पार्किंग की सुविधा किए जाने के निर्देश दिए गए ।
इसके संबंध में मोबाइल पर चर्चा करने पर यातायात थाना प्रभारी शैलेंद्र सिंह यादव ने बताया कि पुलिस मुख्यालय भोपाल से निर्देश मिले हैं उसके अनुसार हेलमेट को लेकर कार्यवाही की जाएगी। सभी दो पहिया वाहन चालको से निवेदन है कि वाहन चलाते समय अनिवार्य रूप से हेलमेट धारण करें। वरिष्ठ स्तर से आए निर्देश का पालन करने आवश्यक कार्यवाही की जाएगी।










































