हैंड हेल्ड टर्मिनल से फटाफट होने लगी ट्रेनों में टिकट की जांच जांच से वेटिंग वाले यात्रियों को हो रहा फायदा

0

ट्रेनों में टिकट की जांच अब हैंड हेल्ड टर्मिनल से फटाफट होने लगी है। रेल में वेटिंग की टिकट लेकर चढ़ने वाले यात्रियों को इस नई व्यवस्था का लाभ मिल रहा है।भोपाल रेल मंडल से गुजरने वाली 39 ट्रेनों में यात्रा करने वाले यात्रियों को इसका फायदा मिल रहा है। यात्रियों को खाली बर्थ तुरंत आवंटित की जाने लगी हैं। उसके बाद भी अगर बर्थ खाली रहती है तो उन्हें रेलकर्मी आनलाइन दर्ज कर रहे हैं, ताकि अगले स्टेशनों से सफर शुरू करने वाले यात्रियों को तत्काल में बर्थ उपलब्ध हो जाए। इस बारे में भोपाल रेल मंडल के जनसंपर्क अधिकारी सूबेदार सिंह ने बताया कि ये अलग-अलग रेल मंडल की ट्रेनें हैं, सभी मंडल अपने-अपने स्तर पर उक्त उपकरण रेलकर्मियों को उपलब्ध करवा रहे हैं। भोपाल रेल मंडल ने अपनी छह ट्रेनों में ये उपकरण उपलब्ध करवा दिए हैं। गौरतलब है कि यह काम पहले मैनुअली होता था। इस तरह वेटिंग का टिकट लेकर चढ़ने वाले यात्रियों को खाली बर्थ पाने के लिए इंतजार करना पड़ता था। अगले स्टेशन से सफर करने वाले इच्छुक यात्रियों को खाली बर्थ होने की जानकारी ही नहीं मिल पाती थी। रेलवे ने हैंड हेल्ड टर्मिनल नामक उपकरण तैयार किया है। यह मोबाइल से थोड़ा बड़े आकार का उपकरण है, जो यात्री आरक्षण प्रणाली से जुड़ा हुआ है। 39 ट्रेनों में टिकट की जांच करने वाले रेलकर्मियों को ये उपकरण आवंटित कर दिए गए हैं। रेलकर्मी जैसे ही संबंधित ट्रेन का नंबर उपकरण में डालते हैं तो उसमें सफर करने वालों की जानकारी स्क्रीन पर आ जाती है। यह उपकरण खाली बर्थ की जानकारी भी उपलब्ध कराता है। फिलहाल भोपाल रेल मंडल से चौबीस घंटे में 250 से 300 ट्रेनें होकर गुजरती है। सभी ट्रेनों में इन्हीं उपकरणों के माध्यम से जांच की जानी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here