Guna Priyanka Meena: गुना में चांचौड़ा विधायक प्रियंका मीणा ने एक कार्यक्रम में बिना नाम लिए हुए असामाजिक तत्व कहा है। इसे लेकर बीजेपी जिला मंत्री ने उन पर पलटवार किया है। रुद्रदेव सिंह ने कहा कि मैं तब से यह मुद्दा उठा रहा हूं, जब वह बीजेपी में नहीं थीं।गुना: मध्य प्रदेश में गुना के अंदर बीजेपी में सियासी घमासान मचा हुआ है। यह कम होने की जगह ही बढ़ता ही जा रहा है। चांचौड़ा से बीजेपी विधायक प्रियंका मीणा और संगठन के पदाधिकारियों में खींचतान चल रही है। गुना में आयोजित रविदास समरसता कार्यक्रम में जगह नहीं मिलने पर बीजेपी के वरिष्ठ नेताओं को खरी-खोटी सुनाई थी। अब वह पार्टी नेताओं से सीधे उलझ गई हैं।बिना नाम लिए असामाजिक तत्व
बीते रोज मधुसूदनगढ़ मंडी परिसर में कलेक्टर किशोर कन्याल और एसपी हितिका वासल की उपस्थिति में आयोजित मुख्यमंत्री जन-विश्वास शिविर विधायक प्रियंका मीणा खूब बरसी हैं। मंच से बोलते हुए चाचौड़ा विधायक प्रियंका मीणा ने बिना किसी का नाम लिए पार्टी के जिला महामंत्री रुद्रदेव सिंह को असामाजिक तत्व तक कह डाला। विधायक का आरोप था कि कुछ असामाजिक तत्व यह झूठा प्रचार कर रहे हैं कि बस स्टैंड की नई जमीन को रिश्तेदारों के फायदे के लिए तय किया जा रहा है।
रुद्रदेव सिंह ने किया तीखा पलटवार
विधायक के इस बयान पर जिला मंत्री रुद्रदेव सिंह ने वीडियो बयान जारी कर तीखा पलटवार किया। उन्होंने विधायक के आरोपों को खारिज करते हुए उन पर पांच सीधे सवाल दाग दिए। रुद्रदेव सिंह ने स्पष्ट कहा कि वे मधुसूदनगढ़ बस स्टैंड का मुद्दा वर्ष 2021 से उठा रहे हैं, जब प्रियंका मीणा विधायक तो दूर, भारतीय जनता पार्टी की सदस्य भी नहीं थीं। उन्होंने विधायक को सीधी चुनौती देते हुए कहा कि यदि प्रस्तावित बस स्टैंड के आसपास उनकी या उनके किसी रिश्तेदार की जमीन निकलती है, तो तत्काल राजनीति से संन्यास ले लेंगे।









































