कटंगी क्षेत्र के ग्राम कटेरा में शनिवार शाम तेज आंधी, तूफान और बारिश के दौरान एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। शाम करीब 4 बजे अचानक आए तेज तूफान के कारण एक मकान का टीन शेड उड़कर दूसरे घर के आंगन में जा गिरा, जिससे एक 6 वर्षीय बालिका घायल हो गई। वहीं आंगन में खड़ा दोपहिया वाहन भी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम कटेरा निवासी राजेन्द्र प्रसाद चौहान के मकान के ऊपर लगा टीन शेड तेज आंधी और तूफान के कारण उखड़कर उड़ गया। तेज हवा के चलते टीन शेड पास ही स्थित मोतीराम चौहान के घर के आंगन में जा गिरा। हादसे के समय आंगन में चित्रसेन राणा की छह वर्षीय पुत्री मौजूद थी। अचानक गिरे टीन की चपेट में आने से बालिका के सिर में गंभीर चोट आई और टीन लगने से वह घायल हो गई। घटना के बाद परिजन और ग्रामीण तत्काल उसे उपचार के लिए कटंगी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसका इलाज कराया जा रहा है। घटना में आंगन में खड़ा एक दोपहिया वाहन भी टीन शेड की चपेट में आकर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। घटना के बाद गांव में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। ग्रामीणों ने बताया कि अचानक आई तेज आंधी और बारिश के कारण कई स्थानों पर नुकसान की स्थिति बनी। लोगों ने प्रशासन से प्राकृतिक आपदा के कारण हुए नुकसान का सर्वे कर आवश्यक सहायता प्रदान करने की मांग की है। गौरतलब है कि शनिवार को क्षेत्र में तेज आंधी, तूफान और बारिश का दौर देखने को मिला, जिससे कई स्थानों पर पेड़ गिरने, बिजली आपूर्ति बाधित होने और मकानों को नुकसान पहुंचने की घटनाएं सामने आई हैं। कटेरा गांव की यह घटना भी उसी दौरान हुई, जिसमें एक मासूम बालिका घायल हो गई। फिलहाल बालिका की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।










































