मध्य प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती ने भाजपा प्रदेशाध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा को पत्र लिखकर एक बार फिर शराबबंदी की मांग दोहराई है। उन्होंने लिखा शराब के अहाते होना शर्मनाक है, इन्हें तत्काल बंद कराना चाहिए। राजस्व के लिए अन्य विकल्पों पर विचार किया जाना चाहिए।
उमा प्रदेश में शराबबंदी को लेकर लगातार बयान दे रही हैं। सोमवार को उन्होंने शर्मा को पत्र में लिखा मैं इस बात से सहमत हूं कि शराब एवं नशा स्वेच्छा से ही छोड़ा जाना चाहिए, लेकिन समाज को समग्र रूप से स्वस्थ रखने की जिम्मेदारी सरकार की होती है। शराब एवं नशे को रोकने के बारे में सोचना ही चाहिए। गुजरात और बिहार की तुलना करते हुए मध्य प्रदेश में भी शराबबंदी की जा सकती है। राजस्व हानि की पूर्ति के विकल्प तलाशने के लिए कमेटी बनाई जाए, नशे के खिलाफ जनजागरण अभियान चलाया जाए और दूसरे राज्यों से शराब की आवाजाही पर रोक लगे।
निवेश बढ़ाना ही नहीं, मौजूदा उद्योगों को और बेहतर सुविधाएं देना लक्ष्य : शिवराज
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि प्रदेश में निवेश आकर्षित करने के लिए ‘स्टार्ट योर बिजनेस इन 30 डेज” जैसी सुविधा प्रदान की जा रही है। हमारी सरकार की प्राथमिकता केवल नए निवेश को बढ़ावा देना ही नहीं, अपितु मौजूदा उद्योगों को और बेहतर सुविधाएं मुहैया कराना भी है। इससे प्रदेश में आर्थिक प्रगति तेज होगी और रोजगार सृजित होंगे।
मुख्यमंत्री ने उद्योगपतियों से भेंट के दौरान यह बातें कहीं। स्टार ग्रुप सतना के चेयरमैन रमेश सिंह ने बताया कि सतना जिले के रामपुर बघेलान में 900 करोड़ रुपये की लागत से 1.5 मिलियन टन इंटीग्रेटेड ग्रीन फील्ड सीमेंट निर्माण की इकाई स्थापित करने की योजना है। इससे लगभग 800 लोगों को रोजगार मिलेगा। कंपनी चार राज्यों में माइनिंग, आइटी, इंश्योरेंस, शिक्षा और ऑटोमोबाइल क्षेत्र में काम कर रही है। इस मौके पर अन्य उद्योगपतियों ने भी अपनी योजनाएं साझा कीं।










































