देश में कोरोना वायरस की दूसरी लहर ने दस्तक दे दी है। जो बेहद खतरनाक होती जा रही है। हर दिन संक्रमण का आंकड़ा रिकॉर्ड बना रहा है। इधर हरिद्वार में चल रहे कुंभ में विभिन्न अखाड़ों के 200 से अधिक साधु-संत कोविड की चपेट में आ गए हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अपील के बाद 6 संन्यासी अखाड़े ने कुंभ समापन की घोषणा कर दी है। 27 अप्रैल का आखिरी शाही स्नान प्रतीकात्मक होगा। राज्य में संक्रमितों की बढ़ती संख्या पर सरकार अलर्ट हो गई है। कुंभ स्नान कर वापस लौटने वालों के लिए कई प्रदेशों ने दिशानिर्देश जारी कर दिए हैं। आइए जानते हैं क्या है नियम।
दिल्ली
राजधानी दिल्ली में कुंभ से आने वालों को 14 दिन होम क्वांरटाइन रहना होगा। केजरीवाल सरकार ने एक आदेश जारी किया है। जिसमें कहा गया है कि जो उल्लंघन करेगा, उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। कुंभ में शामिल हुए लोगों को 24 घंटे के अंदर वेबसाइट www.delhi.gov.in पर अपनी जानकारी अपलोड करनी होगी।
गुजरात
राज्य में कुंभ मेले से लौट रहे लोगों को बिना आरटी-पीसीआर जांच के प्रवेश नहीं मिलेगा। रिपोर्ट निगेटिव आने पर ही शहर में आने दिया जाएगा। पॉजिटिव होने पर 14 दिनों तक आइसोलेशन में रहना होगा। सभी जिलों के कलेक्टरों को निर्देश दिए गए हैं। कोरोना जांच के बिना शहर लौटने से रोकने के लिए नाकाबंदी करने को कहा गया है।
मध्यप्रदेश
शिवराज सरकार ने सभी कलेक्टरों को निर्देश दिया है कि हरिद्वार कुंभ मेले से लौटने वाले लोगों को क्वारंटाइन करने की व्यवस्था करें। जनता को अपने आने की सूचना जिला कलेक्टर को देनी है।
ओडिशा
सरकार ने आरटी-पीसीआर टेस्ट और 14 दिन क्वारंटाइन को अनिवार्य कर दिया है। कुंभ में शामिल हुए लोगों का डाटा कलेक्टरों और नगर निगम आयुक्तों के साथ शेयर किया गया है। आदेश स्वास्थ्य की निगरानी और व्यक्तिगत रूप से ट्रैक करने को कहा गया है।
कर्नाटक
कर्नाटक सरकार ने कुंभ मेला से लौट रहे नागरिकों के लिए कोरोना टेस्ट अनिवार्य किया है। राज्य के स्वास्थ्य मंत्री के सुधाकर ने कहा कि तीर्थयात्रियों को 7 दिनों तक होम क्वारंटारन रहना होगा। साथ ही आरटी-पीसीआर टेस्ट करना है।