केजरीवाल की भाजपा को खुली चुनौती, ‘पंजाब और गुजरात के 1,000-1,000 सरकारी स्कूलों की करें तुलना’

0

Education Reforms: अरविंद केजरीवाल ने भाजपा को पंजाब और गुजरात के 1,000-1,000 सरकारी स्कूलों की तुलना करने की खुली चुनौती दी। जानें शिक्षा सुधार को लेकर क्या बोले AAP प्रमुख।Arvind Kejriwal: आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने मंगलवार को भाजपा को पंजाब और गुजरात के 1,000-1,000 सरकारी स्कूलों की तुलना करने की ‘खुली चुनौती’ दी। केजरीवाल ने आरोप लगाया कि भाजपा पंजाब सरकार के स्कूलों को बदनाम करने के लिए

‘छेड़छाड़ वाले और एआई से बनाए गए वीडियो’ का इस्तेमाल कर रही है।

उन्होंने एक वीडियो संदेश में कहा, ‘मैं भाजपा को चुनौती देता हूं। आप गुजरात में 30 साल से सत्ता में हैं और हम पंजाब में साढ़े चार साल से सत्ता में हैं। मैं आपको पंजाब के 1,000 स्कूलों की सूची दूंगा और आप हमें गुजरात के 1,000 स्कूलों की सूची दें। हम साथ मिलकर इन स्कूलों का निरीक्षण करें और देखें कि कौन से स्कूल बेहतर हैं।’उन्होंने मीडिया से भी इस पूरी कवायद को कवर करने का आग्रह किया। दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि भाजपा शासित सरकारें अपने स्कूलों में सुधार करने के बजाय पंजाब के स्कूलों को बदनाम कर रही हैं।

‘पंजाब के करीब 19,700 स्कूलों में से 19,200 में सुधार किया जा चुका’

केजरीवाल ने कहा कि पंजाब में करीब 19,700 स्कूल हैं, जिनमें से 19,200 में सुधार किया जा चुका है, जबकि करीब 500 स्कूलों में काम जारी है और अगले डेढ़ से दो साल में उन्हें भी बेहतर कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि 2022 में आप के पंजाब में सत्ता में आने के समय राज्य स्कूल शिक्षा के मामले में 28वें स्थान पर था, लेकिन अब स्थिति बदल गई है। केजरीवाल ने कहा, ‘हमने अकेले स्कूलों में सुधार नहीं किया, पंजाब की जनता ने इन्हें बेहतर बनाया है।’

इससे पहले अरविंद केजरीवाल ने सोमवार को आरोप लगाया कि ई20 यानी 20 प्रतिशत एथनॉल मिश्रित पेट्रोल से वाहनों के इंजन को नुकसान पहुंच रहा है और उनका ‘माइलेज’ (प्रति लीटर में तय की जाने वाली दूरी) प्रभावित हो रहा है। उन्होंने इस संबंध में लोगों की राय का हवाला दिया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here