कोचेवाही में मिला अज्ञात युवक का शव ,शिनाख्त के बाद जांच में जुटी पुलिस

0

पद्मेश न्यूज। वारासिवनी। वारासिवनी पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम पंचायत कोचेवाही के बाजार क्षेत्र में बुधवार की दोपहर उस वक्त हडक़ंप मच गया जब वहां एक अज्ञात व्यक्ति का शव पड़ा मिला। शव मिलने की खबर आग की तरह ग्राम में फैल गई जिसके बाद मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर तत्काल पहुंची वारासिवनी पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर उसकी शिनाख्त की जिसकी पहचान संदीप सूर्यवंशी के रूप में हुई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार कोचेवाही में बुधवार को एक व्यक्ति अचेत अवस्था में जमीन पर पड़ा पाया गया जिसकी जानकारी ग्रामीणों ने बिना देर किए तुरंत वारासिवनी पुलिस को दी। पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और शव की शिनाख्त के प्रयास शुरू कर दिए। प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार मृत पाया गया व्यक्ति कुछ देर पहले तक बाजार क्षेत्र में ही घूमता हुआ देखा गया था। लेकिन दोपहर करीब १२ बजे अचानक लोगों ने उसे अचेत और मृत अवस्था में पड़ा पाया। पुलिस की जांच के दौरान एक व्यक्ति ने मृतक की पहचान संदीप सूर्यवंशी के रूप में की जिसके बाद पुलिस ने तत्काल उसके परिजनों को सूचित कर मौके पर बुलाया। परिजनों ने मौके पर पहुंचकर शव की शिनाख्त संदीप सूर्यवंशी निवासी वार्ड नंबर ९ बुद्ध विहार के पास वारासिवनी के रूप में की। परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार संदीप का विवाह हो चुका था लेकिन वर्तमान में वह अकेला ही रहता था और इधर उधर घूमकर अपना जीवन यापन कर रहा था। पुलिस ने पंचनामा कार्यवाही के बाद शव को अपने कब्जे में लेकर वारासिवनी सिविल अस्पताल भेज दिया है। शव को अस्पताल के शव विच्छेदन गृह के फ्रीजर में सुरक्षित रखवा दिया गया है। मृतक का पोस्टमार्टम १६ जुलाई को किया जाएगा जिसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा। फिलहाल युवक की मौत किन परिस्थितियों में और किस वजह से हुई इसका खुलासा नहीं हो पाया है। वारासिवनी पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।
0000000000000000000000

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here