Gwalior News: ग्वालियर नगर निगम मुख्यालय की टेंडर शाखा से डिजिटल सिग्नेचर डोंगल की चोरी हो गई है। सीसीटीवी वीडियो सामने आने के बाद यह आरोपी बीजेपी पार्षद पर लग रहा है। इसके बाद एफआईआर की तैयारी चल रही है।ग्वालियर: नगर निगम मुख्यालय की टेंडर शाखा में डिजिटल सिग्नेचर सर्टिफिकेट (DSC) डोंगल को लेकर विवाद सामने आया है। वार्ड क्रमांक 21 के भाजपा पार्षद बृजेश श्रीवास पर आरोप है कि वे टेंडर शाखा में पहुंचे और वहां रखा डिजिटल सिग्नेचर डोंगल अपने साथ ले गए। मामले को लेकर नगर निगम की ओर से विश्वविद्यालय थाने में एफआईआर दर्ज करने के लिए आवेदन दिया गया है।विद्युत विभाग से संबंधित थी टेंडर प्रक्रिया
जानकारी के अनुसार, 23 जुलाई को ग्वालियर नगर निगम की टेंडर शाखा में विद्युत विभाग से संबंधित टेंडर प्रक्रिया चल रही थी। इसी दौरान प्रभारी सहायक यंत्री रामबाबू दिनकर के डिजिटल सिग्नेचर से संबंधित डोंगल शाखा में रखा हुआ था। निगम की ओर से दिए गए आवेदन में आरोप लगाया गया है कि इसी दौरान पार्षद बृजेश श्रीवास टेंडर शाखा में पहुंचे और कुछ समय वहां मौजूद रहने के बाद डोंगल लेकर बाहर चले गए।
कानूनी कार्रवाई की मांग
नगर निगम ने अपने आवेदन के साथ टेंडर शाखा में कार्यरत कंप्यूटर ऑपरेटर सहित दो कर्मचारियों के शपथ पत्र भी पुलिस को उपलब्ध कराए हैं। निगम की ओर से मामले की जांच कर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की गई है।










































