चंद कदम की दूरी पर पानी सप्लाई नही कर पा रही नपा?

0



पदमेश न्यूज़,बालाघाट।मौसम परिवर्तन के साथ विगत दिनों हुई बारिश ने भले ही तापमान को काफी हद तक कम कर दिया हो, लेकिन लोगो को गर्मी से राहत नही मिल पा रही है।नगर का अधिकतम 38-40 डिग्री सेल्सियस आसपास चल रहा है। ऐसे में नगर के बस स्टैंड पहुचने वाले यात्रियों,स्थानीय लोगो व अन्य मुसाफिरों के लिए यात्री प्रतीक्षालय में, ठंडे पानी तक की सुविधा नहीं है। कहने को तो प्रतीक्षालय में वाटर कूलर लगा है, उस वाटर कूलर के पानी को ठंडा करने के लिए विघुत के भी प्रबधंन है।लेकिन उस वाटर कूलर में पानी नही है।या कहे कि नपा की उदासीनता के चलते वाटर कूलर में पानी नही भरा जा रहा है जिससे ठंडे पानी की दो घुट में तलाश में वाटर कूलर तक पहुचने वाले लोगो को, एक बूंद पानी भी नसीब नही हो रहा है।बताया गया कि पहले नपा कर्मचारियों द्वारा इस वाटर कूलर में रोजाना पानी भरा जाता था, जिससे भारी मात्रा में लोग यह पहुचकर अपनी प्यास बुझाते थे, वही बॉटल में भी ठंडा पानी भरकर अपने साथ ले जाते थे,लेकिन पिछले कुछ दिनों से वाटर कूलर सूखा पड़ा है वही ठंडे पानी की आस में यात्री प्रतीक्षालय आने वाले लोगो को मायूस होकर लौटना पड़ रहा है। जहां पानी की व्यवस्था न होने के चलते लोग पानी के लिए खाली बोटल लेकर दर-दर भटकते नजर आ रहे हैं ,तो कई लोगों को 20 रुपए की पानी बोतल खरीदकर अपनी प्यास बुझानी पड़ रही है।जिसपर नपा का कोई ध्यान नही है। स्थानीय यात्रियों और लोगों ने इस पर नाराजगी जताते हुए की व्यवस्थाओं में सुधार किए जाने की मांग की है।

समाजसेवी संस्थाओ के भरोसे है पानी की व्यवस्था
अब इसे नगर पालिका की उदासीनता कहे या फिर कुछ ओर, की नगर के बस स्टैंड में नपा द्वारा पीने के पानी के इंतेजाम नही किए गए है, शायद यही वजह है कि यहां लोगो की प्यास बुझाने की जिम्मेदारी समाजसेवी संस्थाओं को स्वयं अपने कांधो पर लेनी पड़ी है।आपको बताए कि यहां एक समाजसेवी संस्था द्वारा मुलना गार्डन के पास वाटरकूलर लगाया है,उसमे भी नियमित पानी सप्लाई न होने के कारण लोगो को नियमित ठंडा पानी मिल पाता, वही इमदाद फाउंडेशन नामक एक संस्था भी लोगो की प्यास बुझाने के लिए मुलना गार्डन परिसर में रोजाना पानी की केन मंगवाकर ठंडे पेय जल की व्यवस्था बनाई है।वही एक पेट्रोल पंप संचालक द्वारा भी लोगो को ठंडा पानी उपलब्ध कराया जा रहा है, लेकिन वहां सिर्फ पेट्रोल ड़लाने वाले ही पानी पीते है।लेकिन नपा द्वारा यह पानी के यहां कोई इंतेजाम नही है।दोनो यात्री प्रतीक्षालय में आने वाले यात्रियों के लिए पीने के पानी की व्यवस्था नही बनाई गई है, वही जहा व्यवस्था के तौर पर वाटर कूलर है, वहां पानी ही नही भरा जा रहा है जिससे लोगो को दिक्कत हो रही है।सबसे ज्यादा परेशानी बाहर से आने वाले लोगो को हो रही है ,क्यो की उन्हें नही पता समाजसेवी संस्थाओं द्वारा कहा कहा पानी उपलब्ध कराया गया है, वे सीधे पानी के लिए यात्री प्रतीक्षालय में आकर पानी तलाश करते है, नही मिलने पर वापस मायूस होकर लौट जाते है।वही मजबूरी में उन्हें स्थानीय दुकानों से 20 रु की बॉटल खरीदकर अपनी प्यास बुझानी पड़ती है।

सालो से बंद है शुद्ध पेयजल की मशीन
जानकारी के अनुसार नगरपालिका प्रशासन ने कई वर्ष पूर्व सरकारी बस स्टैंड प्रतीक्षालय समीप यात्रियों को ठंडा पेयजल उपलब्ध कराने की मंशा से वाटर कूलिंग मशीन लगाई थी। जो पिछले कई वर्षों से बंद पड़ी हुई है। वर्षो से बंद इस ठंडे पानी की मशीन को आज तक नही सुधारा गया है। इसी तरह बस स्टैंड में समाज सेवियों ने अपनी ओर से वाटर कूलिंग मशीन लगाई है। मुलना जी की प्रतिमा के समीप लगाई गई इस वाटर कूलर मशीन मे कई बार तकनीकी खामियां आने के चलते यह मशीन बंद हो जाती है ।ऐसे में मुसाफिर इस मशीन के पानी का उपयोग भी नहीं कर पाते, वही एक समाजसेवी ने जो यात्री प्रतीक्षालय में वाटर कूलर मशीन लगाई है उसने नपा द्वारा पानी नही भरा जा रहा है जिससे लोगो को पीने के पानी के लिए इधर-उधर भटकना पड़ रहा है।

प्याऊ सेंटर ना होने का दुकानदार उठा रहे फायदा
बस स्टैंड में ठंडे पानी की व्यवस्था नहीं होने का पूरा फायदा यहां स्थानीय दुकानदार उठा रहे हैं। इन दुकानों में भी मुसाफिरों के लिए पानी की व्यवस्था नहीं है। बल्कि पानी पाउच और बोतल बंद पानी का खूब व्यापार किया जा रहा है। बताया जा रहा है कि स्थानीय बस एजेंटों और स्थानीयजनों ने नगरपालिका में बस स्टैंड की वाटर कूलर मशीन में पानी भरे जाने मांग भी की है।लेकिन नपा इस ओर कोई ध्यान नहीं दे रही है।

गंदगी का भी लगा अम्बार
उधर नपा से चंद कदमो की दूरी पर बनाए गए यात्री प्रतीक्षालय में जहा तहा गंदगी का अंबार देखने को मिल रहा है।वही वाटर कूलर के आसपास कुछ ज्यादा ही गंदगी पड़ी है।खाली पानी पाउच, चिप्स नमकीन के पैकेट और शराब के पव्वे जहां तहां पड़े हुए नजर आ रहे है।हालांकि यात्री प्रतीक्षालय में रोजाना साफ सफाई होने की बात कही जा रही है, लेकिन वाटर कुलर के आसपास साफ सफाई की जहमत नही उठाई जा रही है।वही जहा तहा पान गुटखे के पिक नजर आ रहे है।

यात्री प्रतीक्षालय में वाटर कूलर है लेकिन उसमें पानी नही है- राकेश
नगर पालिका के समीप बने यात्री प्रतीक्षालय के पास खड़े युवक राकेश वासनिक ने बताया कि वे कटंगी से आ रहे हैं और उन्हें किसी काम से बैहर जाना है ,पानी पीने के लिए यात्री प्रतीक्षालय में आए थे, लेकिन यहां जो वाटर कूलर लगा है उसमें पानी नहीं है। लोग पानी के लिए इधर-उधर भटक रहे हैं। लोगों को पानी की बोतल खरीदने पर मजबूर होना पड़ रहा है। यहां नगर पालिका ने प्याऊ की व्यवस्था नहीं की है। यदि यहां ठंडे पानी की सुविधा के लिए वॉटर कुलर लगाए है तो यहां पानी भी भरना चाहिए।

3-4 दिनों से कमर्चारी नही भर रहे पानी-यूसुफ
वही स्थानीय बस एजेंट मो.यूसुफ ने बताया कि यात्री प्रतीक्षालय में ठंडे पानी के लिए वाटर कूलर लगा है।लेकिन नपा के कर्मचारी यहां 3-4दिनों से पानी नही भर रहे है।जिससे लोगो को पानी की काफी समस्या हो रही है।पहले यहां रोजाना ठंडा पानी मिलता था, लेकिन पानी ना भरने के चलते अब पानी नही मिल रहा है।हम लोग भी अन्य यात्रियों की तरह इधर इधर से पानी का जुगाड कर अपनी प्यास बुझा रहे है।वही कई लोग पानी बॉटल खरीदने को मजबूर हो रहे है।हमारी मांग है कि जब यहां वाटर कुलर की व्यवस्था है तो इसमे रोजाना पानी भरा जाना चाहिए,ताकि लोगो को इस वाटर कूलर का लाभ मिल सके।

तत्काल बनाई जाएगी व्यवस्था-सूर्यप्रकाश उइके
इस पूरे मामले को लेकर दुरभाष पर की गई चर्चा के दौरान मुख्य नगर पालिका अधिकारी सूर्य प्रकाश उइके ने बताया कि यहां मामला उनके संज्ञान में नहीं है, आपके द्वारा यह मामला संज्ञान में लाया गया है। कर्मचारी भेज कर मामले का तुरंत संज्ञान लिया जाएगा, साफ सफाई कराकर, वाटर कूलर में पानी भरने की व्यवस्था कर दी जाएगी।
00000000000000000000000000000000

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here