एलएलबी के विघार्थियों में मचाया हंगामा, पीजी कॉलेज का प्रवेश द्वार बंद कर किया प्रदर्शन
15 हजार रुपए की द्वितीय वर्ष की फीस जमा करने में आर्थिक परेशानी,
10 दिन में छात्रवृत्ति नहीं मिलने पर दी उग्र आंदोलन की चेतावनी
फोटो
पदमेश न्यूज। बालाघाट।जिले के अग्रणी शासकीय पीजी कॉलेज में एलएलबी प्रथम वर्ष के विद्यार्थियों को करीब डेढ़ साल से छात्रवृत्ति नहीं मिलने का मामला अब तूल पकड़ने लगा है। छात्रवृत्ति की राशि लंबित होने से नाराज लॉ विद्यार्थियों ने शुक्रवार को कॉलेज के मुख्य प्रवेश द्वार को सांकेतिक रूप से बंद कर विरोध प्रदर्शन किया। विद्यार्थियों का कहना है कि छात्रवृत्ति नहीं मिलने के कारण उन्हें आर्थिक संकट का सामना करना पड़ रहा है और अब एलएलबी द्वितीय वर्ष की करीब 15 हजार रुपए की फीस जमा करना भी उनके लिए मुश्किल हो गया है।छात्रवृत्ति ना मिलने पर प्रदर्शनकारी विद्यार्थियों ने अपना आक्रोश जताते हुए कॉलेज प्रबंधन को 10 दिनों के अल्टीमेटम के साथ एक ज्ञापन सौपा है। जिसमें उन्होंने समय सीमा के भीतर छात्रवृत्ति न मिलने पर उग्र आंदोलन किए जाने की चेतावनी दी है।
छात्रवृत्ति आने तक फीस नहीं भरने का लिया फैसला
उधर प्रदर्शनकारी लॉ के विघार्थियों ने अपना आक्रोश जताते हुए स्पष्ट किया कि जब तक लंबित छात्रवृत्ति की राशि उनके खातों में नहीं पहुंचती, तब तक वे द्वितीय वर्ष की फीस जमा नहीं करेंगे। विद्यार्थियों के अनुसार, छात्रवृत्ति की समस्या को लेकर प्राध्यापकों से चर्चा की गई, जिस पर उन्हें आश्वस्त किया गया है कि छात्रवृत्ति आने तक फीस जमा नहीं करने पर भी विद्यार्थियों को परेशानी नहीं होगी। इसी आश्वासन के बाद विद्यार्थियों ने अपना सांकेतिक आंदोलन समाप्त कर दिया।
छात्रवृत्ति की वेबसाइट में दिख रहा चिल्ड्रन यूनिवर्सिटी का उल्लेख- ऋषभ
लॉ विघार्थियों ने विश्वविद्यालय व महाविद्यालय प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि डेढ़ साल बीत जाने के बावजूद लॉ विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति नहीं मिल सकी है। वहीं छात्रवृत्ति की वेबसाइट में चिल्ड्रन यूनिवर्सिटी का उल्लेख दिखाई दे रहा है, जिसे उन्होंने विश्वविद्यालय स्तर की गंभीर तकनीकी एवं प्रशासनिक त्रुटि बताया।बताया गया कि छात्रवृत्ति की समस्या से महाविद्यालय प्राचार्य एवं संबंधित आयुक्त को अवगत कराने के बावजूद अब तक कोई ठोस निराकरण नहीं किया गया है। इससे साफ है कि विद्यार्थियों की इस गंभीर समस्या को लेकर महाविद्यालय प्रबंधन गंभीर नहीं है।
विद्यार्थियों पर पड़ रहा आर्थिक बोझ- आशुतोष
विरोध प्रदर्शन कर रहे एलएलबी प्रथम वर्ष के छात्र आशुतोष ने बताया कि लॉ की पढ़ाई करने वाले अधिकांश पात्र विद्यार्थी गरीब एवं मध्यमवर्गीय परिवारों से आते हैं। ऐसे में डेढ़ साल से छात्रवृत्ति की राशि नहीं मिलने के कारण उनकी आर्थिक स्थिति प्रभावित हो रही है। उन्होंने कहा कि छात्रवृत्ति के अभाव में द्वितीय वर्ष की फीस जमा करने के लिए विद्यार्थियों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है।
10 दिन में निराकरण नहीं,हुआ तो होगा उग्र प्रदर्शन-ऋषभ
छात्रवृत्ति की मांग को लेकर प्रदर्शनकारी विघार्थियों का नेतृत्व कर रहे विधायक प्रतिनिधि ऋषभ सहारे ने बताया कि छात्रवृत्ति की इस मांग को लेकर सांकेतिक रूप से धरना प्रदर्शन कर 10 दिनों का अल्टीमेटम दिया गया है।यदि आगामी 10 दिनों के भीतर लॉ विद्यार्थियों की लंबित छात्रवृत्ति का भुगतान नहीं किया गया तो कॉलेज के अन्य विद्यार्थियों को साथ लेकर बड़ा और उग्र आंदोलन किया जाएगा। लॉ छात्रों के प्रदर्शन के बाद अब नजर इस बात पर टिकी है कि लंबे समय से लंबित छात्रवृत्ति की समस्या का निराकरण कब तक किया जाता है।










































