टीम इंडिया ने शिखर धवन के नेतृत्व में वेस्टइंडीज को पहले वनडे में दी 3 रन से शिकस्त

0

टीम इंडिया ने तीन एक दिवसीय मैचों की श्रंखला की प्रथम स्पर्धा में वेस्टइंडीज को करीबी मैच में 3 रन से पराजित कर दिया। त्रिनिदाद के पोर्ट ऑफ स्पेन में खेले गए पहले वनडे में टीम इंडिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए कैरेबियन टीम के सामने 309 रनों का लक्ष्य रखा। इसके जबाव में वेस्टइंडीज की टीम निर्धारित 50 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 305 रन ही बना सकी। इस मुकाबले में 97 रन की पारी खेलने वाले भारतीय कप्तान शिखर धवन को मैन ऑफ द मैच चुना गया। कैरेबियन टीम की ओर से रोमारियो शेफर्ड (नाबाद 39) और अकील हुसैन (नाबाद 32) ने 7वें विकेट के लिए 53 रन जोड़ टीम को जीत दिलाने की कोशिश की लेकिन भारतीय टीम मैच बचाने में सफल रही।
इससे पहले शुभमन गिल ने वापसी करते हुए 64 रन बनाये जबकि कप्तान शिखर धवन शतक से तीन रन से चूक गए लेकिन दोनों ने भारत को वेस्टइंडीज के खिलाफ पहले वनडे मैच में शुक्रवार को सात विकेट पर 308 रन तक पहुंचा दिया। दिसंबर 2020 के बाद पहला वनडे खेल रहे गिल ने 52 गेंद में 64 रन बनाये जबकि धवन ने 99 गेंद में 97 रन की पारी खेली। श्रेयस अय्यर ने 57 गेंद में 54 रन बनाए। धवन और गिल ने पहले विकेट के लिये 106 गेंद में 119 रन की साझेदारी की। गिल 18वें ओवर में रन आउट हुए लेकिन अपनी पारी में उन्होंने कई आकर्षक शॉट्स लगाए।
उन्होंने अलजारी जोसेफ को छक्का जड़ा और फिर शानदार चौका लगाया। उन्होंने अपनी पारी में छह चौके और दो छक्के जड़े। वेस्टइंडीज के कप्तान निकोलस पूरन के सटीक थ्रो पर वह रन आउट हुए। वनडे क्रिकेट में गिल का यह पहला अर्धशतक था। वहीं सिर्फ वनडे प्रारूप में खेलने वाले धवन ने अपनी पारी में 10 चौके और तीन छक्के लगाए। भारत एक समय 350 रन के पार जाता दिख रहा था लेकिन धवन के नर्वस नाइंटी का शिकार होने के बाद मध्यक्रम चरमरा गया। धवन अपने कैरियर में सातवीं बार ‘नर्वस नाइंटी’ का शिकार हुए हैं।
भारत का स्कोर एक समय एक विकेट पर 213 रन था जो पांच विकेट पर 252 रन हो गया। संजू सैमसन ने एक बार फिर सुनहरा मौका गंवाया और 12 रन बनाकर आउट हो गए। वहीं सूर्यकुमार यादव (13) को लचर शॉट खेलने का खामियाजा भुगतना पड़ा। दीपक हुड्डा ने 27 और अक्षर पटेल ने 21 रन की पारी खेली और छठे विकेट के लिये 42 रन जोड़कर भारत को 300 रन के पार पहुंचाया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here