अहमदाबाद: आईपीएल 2026 में गुजरात टाइटंस के कप्तान शुभमन गिल का बल्ला और दिमाग दोनों ही मैदान पर जमकर बोल रहे हैं। बतौर बल्लेबाज इस सीजन में अब तक 600 से अधिक रन कूटने के साथ-साथ उन्होंने अपनी शानदार कप्तानी के दम पर गुजरात को प्लेऑफ का टिकट भी दिला दिया है। गुरुवार को खेले गए मुकाबले में गुजरात ने चेन्नई सुपर किंग्स को 89 रनों से मात देकर उनके सफर को यहीं खत्म कर दिया। गिल के इसी ऑलराउंडर लीडरशिप को देखने के बाद भारत के पूर्व दिग्गज क्रिकेटर मोहम्मद कैफ ने उनकी जमकर तारीफ की है और उन्हें इस सीजन का सबसे बेहतरीन कप्तान बताया है।
मोहम्मद कैफ ने गिल को बताया बेस्ट कैप्टन
पूर्व क्रिकेटर मोहम्मद कैफ का मानना है कि आईपीएल 2026 में जिस तरह से शुभमन गिल ने दबाव की परिस्थितियों को संभाला है वह लाजवाब है। कैफ ने गिल की रणनीति, खासकर उनके गेंदबाजों को इस्तेमाल करने के अनोखे तरीके को एक महान कप्तान की सबसे बड़ी निशानी बताया।










































