तालाब में डूबने से ११ वर्षीय मासूम की मौत, इकलौते बेटे के जाने से परिवार में मातम

0

लालबर्रा। लालबर्रा थाना अंतर्गत ग्राम पंचायत गणेशपुर में शनिवार को एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। गणेशपुर निवासी दिलीप पंचेश्वर के ११ वर्षीय पुत्र आर्यन की तालाब में डूबने से मृत्यु हो गई। आर्यन अपने माता-पिता की इकलौती संतान था, जिसकी असामयिक मौत के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो चुका है। सूचना मिलने पर लालबर्रा पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव बरामद किया और रविवार को पोस्टमार्टम करवाकर मृत बच्चें का शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया है एवं मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार आर्यन के माता-पिता मजदूरी कार्य हेतु नागपुर (महाराष्ट्र) गये हुए थे और आर्यन पूर्व में अपनी मौसी के पास वारासिवनी में रहकर शिक्षा ग्रहण कर रहा था। किंतु इसी शैक्षणिक सत्र में वह अपने गृह ग्राम गणेशपुर में पढ़ाई करने के लिए वापस लौटा था और शनिवार को वह पहली बार अपने गांव के स्कूल पढ़ाई करने गया था। लेकिन शाम ४ बजे तक वह स्कूल से घर नही लौटा तो परिजनों व ग्रामीणों ने उसकी आसपास पतासाजी किये परन्तु कही कुछ पता नही चला। जिसके बाद कुछ ग्रामीण ग्राम स्थित गणेश तालाब की ओर जाकर देखे तो तालाब की पार पर आर्यन का चप्पल दिखाई दिया। उसके बाद ग्रामीणजन तालाब की ओर देखे तो उसका शव पानी में तैरता हुआ दिखाई दिया। जिसे तत्काल बाहर निकाला गया लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। जिसके बाद पुलिस को घटना की जानकारी दी। वहीं ११ वर्षीय बच्चें की तालाब में डूबने से मौत हो जाने की सनसनी खबर क्षेत्र में फैलते ही घटना स्थल में लोगों की भीड़ लग गई। वहीं पुलिस को गणेशपुर में तालाब में डुबने से ११ वर्षीय बच्चें की मौत होने की जानकारी लगने के बाद थाना प्रभारी के निर्देश पर सहायक उपनिरीक्षक दुर्गाप्रसाद झिझोते पुलिस बल के साथ घटना स्थल पहुंचे और आवश्यक कार्यवाही करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए लाया गया। लेकिन रात हो जाने के कारण शव को शव विच्छेदन गृह में रखवा दिया गया एवं दुसरे दिन रविवार को चिकित्सक के द्वारा पोस्टमार्टम कर शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया है। वहीं आर्यन तालाब की ओर किन परिस्थितियों में गया और यह हादसा कैसे हुआ, इस संबंध में अभी स्थिति स्पष्ट नहीं हो पाई है। साथ ही बताया जा रहा है कि मृत बालक आर्यन के माता-पिता नागपुर में मजदूरी कार्य करते है जो घटना के समय नागपुर में थे। शनिवार को पहली बार आर्यन गणेशपुर स्थित स्कूल गया था, लेकिन छुट्टी होने के बाद वह घर वापस नही हुआ। जिससे ऐसा लग रहा है कि आर्यन तालाब की ओर घुमने एवं शौच करने गया होगा। तभी पैर अनियंत्रित होने से तालाब में गिरने एवं गहरे पानी में डुबे रहने से उसकी मौत होने की संभावना व्यक्त की जा रही है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here