नगर मुख्यालय से लगभग ६ किमी. दूर ग्राम पंचायत देवरी की नशा मुक्ति समिति की महिलाएं १० अक्टूबर को तहसील कार्यालय पहुंचकर तहसीलदार व थाना पहुंचकर थाना प्रभारी को ज्ञापन सौंपकर शराब बिक्री एवं जुआ सट्टा पर रोक लगाने की मांग की है। विदित हो कि ग्राम पंचायत देवरी में कुछ लोगों के द्वारा कच्ची शराब का अवैध रूप से विक्रय किया जा रहा है साथ ही जुआ-सट्टा भी खेला जा रहा है जिससे ग्राम का माहौल शराब होने के साथ ही युवा पीढ़ी शराब पीने के आदि होने लगे है और नशे की हालत में परिजनों के साथ वाद-विवाद भी कर रहे है जिससे ग्राम का माहौल खराब हो रहा है जिससे ग्रामीणजन परेशान है। नशा मुक्ति समिति की महिलाओं के द्वारा शराब विक्रय करने वाले व्यक्तियों को शराब विक्रय करने से मना किया जाता है तो वे महिलाओं के साथ अभद्र व्यवहार कर रहे है। नशा मुक्ति समिति की महिलाओं ने सोमवार को थाना प्रभारी व तहसीलदार को ज्ञापन सौंपकर शराब बिक्री व जुआ-सट्टा पर प्रतिबंध लगाकर शराब बेचने, जुआ-सट्टा खेलने वालों के विरूध्द कार्यवाही करने एवं नशा मुक्ति समिति की महिलाओं को सहयोग करने की मांग की है ताकि ग्राम नशा मुक्त बन सके।
चर्चा में ग्राम पंचायत देवरी सरपंच श्रीमती प्रमिला पटले ने बताया कि ग्राम में अवैध रूप से शराब बिक्री होने से लोग शराब पीने के आदि हो रहे है साथ ही जुआ-सट्टा भी खेल रहे है जिसे परिवार के लोग परेशान है एवं ग्राम का माहौल खराब हो रहा है। साथ ही यह भी बताया कि ग्राम को नशा मुक्त बनाने के लिए नशा मुक्ति समिति की महिलाओं के द्वारा नशा मुक्ति अभियान चलाया जा रहा है और इस अभियान के तहत शराब बेचने वालों को समझाईश दे रहे है कि शराब का विक्रय न करे परन्तु वे समझ नही रहे है एवं महिलाओं के साथ अभद्र व्यवहार करते है जिससे सबसे अधिक बच्चें व महिलाएं परेशान है इसलिए सोमवार को थाना प्रभारी व तहसीलदार को ज्ञापन सौंपकर शराब विक्रय करने वाले, जुआ-सट्टा खेलने वालों पर कार्यवाही कर शराब विक्रय पर प्रतिबंध लगाने की मांग की है।
चर्चा में श्रीमती अंजना ब्रम्हे ने बताया कि ग्राम में कुछ लोगों के द्वारा शराब की ब्रिकी की जा रही है जिन्हे बार-बार समझाने का प्रयास किया जा रहा है कि शराब का विक्रय न करे क्योंकि ग्राम में शराब विक्रय होने से युवा पीढ़ी शराब पीने के आदि हो रहे है इसलिए शासन-प्रशासन से मांग है कि कच्ची शराब का विक्रय करने वाले व्यक्तियों पर सख्त कार्यवाही करें और प्रशासन के द्वारा आश्वास्त किया गया है कि नशा मुक्ति समिति की महिलाओं की मदद कर ग्राम को नशा मुक्त बनाने में सहयोग करेें।
चर्चा में तहसीलदार ने बताया कि प्रदेश के मुख्यमंत्री ने भी गत दिवस बैठक लेकर प्रशासनिक अधिकारियों को निर्देश दिये है कि किसी भी स्थान पर नशा संबंधित वस्तुओं का विक्रय न हो एवं करते पाये जाने पर उनके खिलाफ कार्यवाही की जाये और ग्राम पंचायत देवरी की नशा मुक्ति समिति की महिलाओं के द्वारा समिति के माध्यम से ग्राम को नशा मुक्त बनाने का संकल्प लिया है एवं ११ अक्टूबर को एक बैठक ग्राम में आयोजित की गई है जिसमें मैं व थाना प्रभारी भी पहुंचने का प्रयास करेगें और लोगों को समझाईश देगें कि शराब व अन्य नशेली वस्तुओं का सेवन न करें। श्री देवांगन ने बताया कि जिन लोगों के द्वारा अवैध रूप से शराब विक्रय किया जा रहा है उनके विरूध्द कार्यवाही की जायेगी और सभी से अपील है कि लोगों को समझाईश दे कि नशा परिवार के साथ-साथ समाज व क्षेत्र को अधिक प्रभावित करता है इससे दूर रहते है तो आपका समाज, परिवार, जिला, प्रदेश व देश विकास की ओर आगे बढ़ेगा।









































