धीरेंद्र शास्त्री पर विवाद BJP-RSS की साजिश:कांग्रेस MLA बोले- नागपुर से क्यों उठा मुद्दा; मंत्री उषा बोलीं- सभी विरोधी देशद्रोही

0

बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के दिव्य दरबार को लेकर नागपुर से शुरू हुआ विवाद हर रोज नए मोड़ ले रहा है। नागपुर की अंधश्रद्धा निर्मूलन समिति के श्याम मानव ने धीरेंद्र शास्त्री को चुनौती दी, तो भाजपा नेता उनके समर्थन में आ गए। अब कांग्रेस विधायक और पूर्व मंत्री ने धीरेंद्र शास्त्री का समर्थन करते हुए विवाद को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ और भाजपा की साजिश बताया है। वहीं मप्र सरकार में मंत्री उषा ठाकुर ने धीरेंद्र शास्त्री के विरोधियों को देशद्रोही बताया है।

कांग्रेस विधायक और पूर्व मंत्री पीसी शर्मा का कहना है कि यह सब RSS-BJP की साजिश है। उन्होंने कहा, नागपुर में RSS का हेड क्वार्टर है। महाराष्ट्र में भाजपा की सरकार है। विवाद वहीं से क्यों उठा? जब उनसे पूछा गया कि आपकी ही पार्टी के नेता डॉ. गोविंद सिंह कह रहे हैं कि वे धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री को जानते ही नहीं, फर्जी शास्त्रियों के लिए उनके यहां कोई जगह नहीं है। इस पर शर्मा ने कहा कि बागेश्वर महाराज को हनुमान जी के सिद्ध मंदिर से आशीर्वाद मिला हुआ है।

मंत्री उषा ठाकुर बोलीं- ऐसे षड्यंत्र बरसों से चले आ रहे हैं

मध्यप्रदेश की पर्यटन और संस्कृति मंत्री उषा ठाकुर ने धीरेंद्र शास्त्री का समर्थन करते हुए कहा है कि जो लोग धीरेंद्र शास्त्री का विरोध कर रहे हैं, वे केवल और केवल देशद्रोही हैं। जब-जब राष्ट्रद्रोहियों को कष्ट होगा कि सनातन दृढ़ता से मजबूती से खड़ा है, तब तक इस प्रकार के षड्यंत्र बरसों से चले आ रहे हैं। ये जो लोग धीरेंद्र शास्त्री के पीछे पड़े हैं, वे और कुछ नहीं देशद्रोही हैं।

कांग्रेस विधायक शर्मा बोले- शास्त्री को चैलेंज करना निंदनीय

भोपाल की दक्षिण-पश्चिम विधानसभा सीट से विधायक पीसी शर्मा ने दैनिक भास्कर से चर्चा में कहा- BJP इस तरह के इवेंट करती है। पहले चीजों को उठा देना और फिर विवाद करना, ये BJP का काम है। ये विवाद नागपुर से उठ रहा है, जहां RSS का गढ़ है। ऐसी चीजें क्यों उठ रही हैं वहां से, ये अपने आप में बड़ा सवाल है। बागेश्वर के शास्त्री को चैलेंज करने का काम महाराष्ट्र की एक समिति कर रही है, जहां BJP की सरकार है। मैं समझता हूं कि ये उचित नहीं हैं। ऐसा चैलेंज करना निंदनीय है।

धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के लिए बोले
उनकी वाणी सनातन धर्म की बात करती है…

बागेश्वर धाम में हनुमान जी का सिद्ध मंदिर है। बागेश्वर महाराज को वहां से आशीर्वाद मिला हुआ है। उनकी वाणी सनातन धर्म की बात करती है। रामायण, भागवत, हनुमान चालीसा में उनको महारथ हासिल है। जो ज्ञान उन्हें मिला हुआ है, वो लोगों को डिलीवर करते हैं। वहां लाखों लोग आते हैं। लोगों के तनाव दूर होते हैं।

BJP का शर्मा पर पलटवार
अपनी गिरेबान में झांककर देखें कांग्रेसी…

BJP के प्रदेश महामंत्री भगवानदास सबनानी ने पीसी शर्मा के बयान पर कहा- मुझे लगता है कि कांग्रेस नेता अपनी गिरेबान में झांककर देखें। अपने नेताओं के वक्तव्यों को देखें कि वो किस तरीके से हिंदुओं की आस्था पर हमेशा प्रहार करते रहते हैं। ये कांग्रेस की नीति है- एक गाली बके, और दूसरा सहलाए। इस तरीके की प्रवृत्ति कांग्रेस की रही है। इसलिए कांग्रेस न यहां की रही, न वहां की रह पाई। कांग्रेस शुरू से तुष्टिकरण पर आमदा रही है।

नेता प्रतिपक्ष ने ग्वालियर में पूछा था कौन धीरेंद्र शास्त्री?

शनिवार को ग्वालियर पहुंचे नेता प्रतिपक्ष डॉ. गोविंद सिंह ने बागेश्वर धाम के कथा वाचक धीरेंद्र शास्त्री के लिए कहा कि वह ऐसे किसी शास्त्री को नहीं जानते हैं। नेता प्रतिपक्ष से शास्त्री को दी जा रही चुनौतियों पर मीडिया ने सवाल किया था। इस पर उन्होंने कहा कि कौन है यह धीरेंद्र शास्त्री? मैं जानता नहीं हूं कौन सा धीरेंद्र शास्त्री है। मैंने भी सोशल मीडिया में ही देखा है।

उन्होंने आगे कहा कि वे सिर्फ गरीबों, आम व्यक्ति और जरूरतमंदों की मदद करने वाले शास्त्री को ही प्रणाम करते हैं। फर्जी शास्त्रियों के लिए उनके यहां कोई जगह नहीं है। मैंने मीडिया पर ही देखा है कि छत्तीसगढ़ में ही चुनौती दी गई है कि अगर उन्हें कोई जादू टोना आता है तो करके दिखाएं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here