भारतीय सेना को जल्द ही अपना पहला स्वदेश-निर्मित एंटी-ड्रोन सिस्टम मिल जाएगा। इसे DRDO ने विकसित किया है और भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड (BEL) द्वारा निर्मित किया जा रहा है। भारतीय नौसेना ने मंगलवार को नौसैनिक एंटी-ड्रोन सिस्टम (Naval anti-drone system- NADS) की आपूर्ति के लिए सरकारी क्षेत्र की कंपनी BEL के साथ एक समझौता किया। यह देश के सशस्त्र बलों में शामिल होने वाला पहला स्वदेशी रूप से विकसित एंटी-ड्रोन सिस्टम होगा, जिसमें हार्ड किल और सॉफ्ट किल दोनों क्षमताएं हैं। सेना के एक अधिकारी ने कहा, ‘NADS सूक्ष्म ड्रोन का तुरंत पता लगा सकता है और तेजी से बढ़ते हुए दुश्मन के हवाई खतरों को समाप्त करने के लिए एक लेजर-आधारित किल तंत्र का उपयोग कर सकता है। यह रणनीतिक नौसैनिक प्रतिष्ठानों पर ड्रोन के बढ़ते खतरे को देखते हुए एक प्रभावी एंटी-काउंटर सिस्टम होगा.’
एंटी-ड्रोन सिस्टम को पहले इस साल गणतंत्र दिवस परेड के लिए और बाद में लाल किले की प्राचीर से पीएम के स्वतंत्रता दिवस के संबोधन के दौरान, सुरक्षा कवच प्रदान करने के लिए तैनात किया गया था। मीडिया सूत्रों के मुताबिक इस सिस्टम को, जो 360-डिग्री कवरेज प्रदान करता है, मोदी-ट्रम्प रोड शो के लिए अहमदाबाद में भी तैनात किया गया था। अधिकारी ने आगे बताया, ‘NADS माइक्रो ड्रोन का पता लगाने और जाम करने के लिए रडार, इलेक्ट्रो-ऑप्टिकल / इन्फ्रारेड (ईओ / आईआर) सेंसर और रेडियो फ्रीक्वेंसी (आरएफ) डिटेक्टरों की मदद का उपयोग करता है.’
“DRDO का आरएफ/ग्लोबल नेविगेशन सैटेलाइट सिस्टम (जीएनएसएस) उस फ्रीक्वेंसी का पता लगाता है, जिसका उपयोग नियंत्रक द्वारा किया जा रहा है और फिर सिग्नल जाम हो जाते हैं. एनएडीएस के स्थिर और मोबाइल दोनों संस्करणों को अनुबंध पर हस्ताक्षर करने के थोड़े समय के भीतर ही नौसेना को आपूर्ति की जाएगी.’









































