पन्ना में फिर चमकी किस्मत:खदान संचालक को मिले 15 लाख के 2 हीरे, कहा- अब धूमधाम से करवाऊंगा बेटी की शादी

0

देश-विदेश में बेशकीमती हीरों के लिए विख्यात मध्य प्रदेश के पन्ना जिले में एक और शख्स की किस्मत चमकी है। पन्ना के धाम मोहल्ला निवासी मध्यमवर्गीय शख्स उदय प्रकाश त्रिपाठी को दो हीरे मिले है। उदय प्रकाश को 4.57 कैरट और 0.71 कैरट के हीरे मिले है। दोनों हीरों की अनुमानित कीमत लगभग 15 लाख रुपए है। उदय प्रकाश ने बताया कि उन्होंने महामति श्री प्राणनाथ जी से बेटी की शादी करने के लिए हीरा मिलने की मन्नत मांगी थी। हज एक माह के अंदर ही उन्हें एक नहीं बल्कि दो हीरे मिल गए।

जैम क्वॉलिटी के बेशकीमती हीरे

दरअसल, पन्ना के हीरा कार्यालय में गुरुवार की शाम दो जैम क्वॉलिटी के बेशकीमती हीरे जमा हुए हैं। इन हीरों को पन्ना नगर के धाम मोहल्ला निवासी उदय प्रकाश त्रिपाठी ने जमा किए हैं। जिनमें एक का वजन 4.57 कैरेट और दूसरे हीरे का वजन 0.71कैरट है। खदान संचालक उदय प्रकाश त्रिपाठी इसे महामति श्री प्राणनाथ जी का आशीर्वाद मान रहे है।

अब धूमधाम से होगी बेटी की शादी

उन्होंने बताया कि बीते महीने उनकी बेटी की शादी तय हुई थी। पैसों के अभाव की वजह से शादी करने में परेशानी समझ आ रही थी, लेकिन उन्होंने महामति श्री प्राणनाथ जी से प्रार्थना की थी। बेटी की शादी करने के लिए हीरा मिलने की मन्नत मांगी। उनकी मन्नत पूरी हुई।

उन्हें दहलान चौकी के जयपाल पाल के खेत में संचालित खदान में एक साथ दो हीरे मिले हैं। जिन्हें हीरा कार्यालय में जमा किया है। उन्होंने बताया कि खदान में मजदूरों के साथ मिलकर वह खुद मेहनत करते थे। करीब दो माह से लगातार खदान में कड़ी मेहनत कर रहे हैं। अब हीरा मिलने से पूरी परेशानी दूर हो जाएगी। बेटी की शादी हो जाएगी और बच्चों की पढ़ाई भी अब अच्छी हो सकेगी।

नीलामी में रखेंगे हीरे

हीरा पारखी अनुपम सिंह ने बताया कि दोनों हीरे जैम क्वालिटी के है। जिन्हें आगामी नीलामी में रखा जाएगा। जिससे प्राप्त होने वाली राशि से 12% शासन की रॉयल्टी और 1% टैक्स काटकर बाकी रकम हीरा धारक उदय प्रकाश त्रिपाठी के खाते में डाल दी जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here