बीजिंग: पाकिस्तान की नौसेना को अपनी पहली हंगोर क्लास पनडुब्बी मिल गई है। PNS/M चीन के सान्या में आयोजित एक समारोह के दौरान पाकिस्तानी नेवी में औपचारिक रूप से शामिल कर लिया गया। पाकिस्तानी सेना की प्रोपेगैंडा विंग इंटर-सर्विस पब्लिक रिलेशंस (ISPR) ने एक बयान में इसकी जानकारी दी है। इस समारोह में पाकिस्तान के राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस मौके पर पाकिस्तान की नेवी के चीफ एडमिरल नवीद अशरफ के साथ ही पाकिस्तान और चीन की नौसेना के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।
जरदारी बोले- पाकिस्तान रक्षा करने में सक्षम
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पाकिस्तान के राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी ने हंगोर-क्लास पनडुब्बी की नेवी में शामिल किए जाने को ऐतिहासिक मील का पत्थर बताया। जरदारी ने कहा कि इस एडवांस प्लेटफॉर्म का शामिल होने विश्वसनीय रक्षा व्यवस्था बनाए रखने में पाकिस्तान की प्रतिबद्धता को दर्शाता है और देश अपनी संप्रभुता की रक्षा करने, समुद्री हितों को सुरक्षित रखने और महत्वपूर्ण आर्थिक मार्गों को सुरक्षित करने में पूरी तरह सक्षम है।









































