बुची बाबू सना के डायरेक्शन में बनी राम चरण और जाह्नवी कपूर की फिल्म ‘पेद्दी’ आखिरकार 4 जून को सिनेमाघरों में रिलीज हो रही है। यह स्पोर्ट्स ड्रामा तेलुगू की सबसे बड़ी फिल्मों में से एक है, और फिल्म निर्माताओं ने तेलंगाना और आंध्र प्रदेश दोनों में टिकटों की कीमतें बढ़ाने और स्पेशल शो करने की अनुमति मांगी थी। हालांकि, उन्हें केवल आंध्र प्रदेश में ही इसकी इजाजत मिल पाई है।
‘पेद्दी‘ के मेकर्स ने टिकटों की कीमतें बढ़ाने और स्पेशस शो आयोजित करने की इजाजत के लिए आंध्र प्रदेश सरकार से संपर्क किया था। मिडडे के अनुसार, अब इसकी परमीशन मिल गई है। ‘पेद्दी’ के प्रीमियर शो राज्य में 3 जून से रात 8 बजे शुरू होंगे। टिकटों की कीमत जीएसटी सहित ₹600 होगी। इसके अलावा, ‘पेद्दी’ की रिलीज के पहले हफ्ते के लिए मेकर्स को सिंगल स्क्रीन टिकटों में ₹100 और मल्टीप्लेक्स टिकटों में ₹125 की बढ़ोतरी करने की अनुमति दी गई है। हर दिन पांच शो चलाने की भी इजाजत दी गई है, जिससे फिल्म के पहले सप्ताह के कलेक्शन में बढ़ोतरी होगी।
‘पेद्दी’ के मेकर्स ने वापस ली याचिका
फैंस तेलंगाना से अपडेट का इंतजार कर रहे हैं, वहीं डेक्कन क्रॉनिकल की एक रिपोर्ट के मुताबिक, तेलंगाना हाई कोर्ट की बेंच ने फिल्म ‘पेद्दी’ के प्री टिकट प्राइस हाइक पर सरकार को कोई फैसला लेने का निर्देश देने से इनकार कर दिया है। फिल्म रिलीज के पहले हफ्ते में ही मैत्री मूवी मेकर्स ने टिकट प्राइस हाइक के लिए याचिका दायर की थी। उनका तर्क था कि टिकट प्राइस हाइक से जुड़े कई मामले पहले से ही हाई कोर्ट में लंबित हैं और तत्काल आदेश से भ्रम की स्थिति पैदा हो सकती है। चूंकि कोर्ट ने उनके पक्ष में अंतरिम आदेश जारी करने से इनकार कर दिया, इसलिए फिल्म निर्माताओं ने कथित तौर पर अपनी याचिका वापस ले ली।










































