बमनाला में खूंखार कुत्तों का कहर, 6 साल की मासूम का चेहरा नोच डाला, 18 माह की बच्ची समेत 6 लहूलुहान, इलाके में दहशत

0

खरगोन जिले के बमनाला क्षेत्र में आवारा कुत्तों ने आतंक मचाया। एक छह वर्षीय बच्ची पर कुत्तों के झुंड ने हमला कर दिया। इस हमले में बच्ची के चेहरे पर गंभीर चोटें आई हैं। कुत्तों के हमले में तीन बच्चों सहित कुल छह लोग घायल हुए। घायलों को उपचार के लिए स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गयाखरगोन: मध्यप्रदेश के खरगोन जिले के बमनाला क्षेत्र में आवारा कुत्तों के झुंड ने आतंक मचा दिया। छह साल की बच्ची पर कुत्तों ने हमला कर उसके चेहरे को बुरी तरह नोंच डाला। हमले में बच्ची के दोनों गाल, नाक और ऊपरी होंठ की त्वचा और मांस गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हो गए। बच्ची की हालत गंभीर बताई जा रही है और उसे खरगोन जिला अस्पताल के PICU में भर्ती कराया गया है। इसी दौरान कुत्तों के हमले में तीन बच्चों समेत छह लोग घायल होने की जानकारी सामने आई है।जिला अस्पताल के शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. शशिकांत पाटीदार ने बताया कि कुत्तों ने बच्ची के चेहरे पर हमला किया, जिससे दोनों गाल, नाक और ऊपरी होंठ की त्वचा एवं टिश्यू बुरी तरह फट गए। “बच्ची की हालत गंभीर है और उसे PICU में भर्ती किया गया है।” उन्होंने बताया कि फिलहाल प्रभावित हिस्सों पर पट्टी की गई है और रेबीज से बचाव के लिए पोस्ट-एक्सपोजर प्रोटोकॉल के तहत आवश्यक इंजेक्शन दिए गए हैं।

डॉ. पाटीदार के अनुसार बच्ची की वर्तमान स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल में घाव पर टांके लगाना संभव नहीं है। उसे बेहतर उपचार के लिए उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर किया जाएगा, जहां विशेषज्ञ उपचार के साथ प्लास्टिक सर्जरी की जरूरत पड़ सकती है।घायल बच्ची की पहचान बमनाला निवासी गोकुल की छह वर्षीय बेटी नायरा के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार नायरा घर के बाहर खेल रही थी, तभी अचानक आवारा कुत्तों के झुंड ने उस पर हमला कर दिया। बच्ची की चीख सुनकर परिजन और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और कुत्तों से उसे छुड़ाया। इसके बाद उसे तत्काल खरगोन जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने गंभीर चोटों को देखते हुए उसे PICU में भर्ती किया।

एक साथ कई लोगों पर हमला

बमनाला क्षेत्र में इसी दौरान आवारा कुत्तों के हमले में कई अन्य लोगों के घायल होने की भी जानकारी सामने आई है। घायलों में सानू (19) और उसकी 18 माह की बेटी वेदिका, नीमखेड़ी निवासी मास्टर्या पटेल (60), बमनाला निवासी राहुल की पांच वर्षीय बेटी राजनंदिनी और श्रीराम पोई का बेटा शिव शामिल हैं। घायलों को उपचार के लिए स्थानीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉ. बादल महाजन ने उनका उपचार किया।छह वर्षीय बच्ची के चेहरे पर हुए गंभीर हमले के बाद बमनाला क्षेत्र में आवारा कुत्तों की समस्या को लेकर लोगों में चिंता बढ़ गई है। लगातार हो रहे हमलों ने स्थानीय स्तर पर आवारा कुत्तों की रोकथाम और लोगों की सुरक्षा को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here