बूढी क्षेत्र स्थित शराब दुकान के स्थान परिवर्तन की मांग को लेकर वार्ड की महिलाओं का विरोध प्रदर्शन लगातार जारी है। बीते कई दिनों से महिलाएं शराब दुकान को रिहायशी क्षेत्र से हटाने की मांग को लेकर आंदोलन कर रही हैं और प्रशासन से जल्द निर्णय लेने की मांग कर रही हैं। महिलाओं के इस आंदोलन को अब जनप्रतिनिधियों का भी समर्थन मिलने लगा है। बीती रात नगर पालिका अध्यक्ष भारती ठाकुर ने प्रदर्शन स्थल पहुंचकर महिलाओं से चर्चा की और उनकी मांगों का समर्थन किया। उन्होंने महिलाओं को आश्वस्त किया कि उनकी समस्या के समाधान के लिए प्रशासनिक स्तर पर प्रयास किए जा रहे हैं। नपा अध्यक्ष ने बताया कि बीते दिनों से क्षेत्र में चल रहे विवादों को देखते हुए उन्होंने पुलिस अधीक्षक से भी चर्चा की है। उन्होंने मांग की है कि प्रदर्शन स्थल पर पुलिस सुरक्षा व्यवस्था उपलब्ध कराई जाए, ताकि क्षेत्र का माहौल खराब न हो और महिलाएं शांतिपूर्वक अपना प्रदर्शन जारी रख सकें। वहीं वार्ड पार्षद सरिता सोनेकर भी महिलाओं के समर्थन में प्रदर्शन में शामिल हुईं और शराब दुकान को जल्द हटाए जाने की मांग उठाई। क्षेत्र की महिलाओं ने साफ कहा है कि जब तक शराब दुकान को अन्यत्र स्थानांतरित नहीं किया जाएगा, उनका आंदोलन जारी रहेगा।
शहर के बूढी क्षेत्र स्थित वार्ड क्रमांक 12 में संचालित शराब दुकान को हटाए जाने की मांग अब और तेज होती जा रही है। पिछले कई दिनों से महिलाएं लगातार दुकान के सामने प्रदर्शन कर रही हैं, लेकिन अब यह आंदोलन नए मोड़ पर पहुंच गया है। हाल ही में धरना स्थल पर विवाद और मारपीट की घटना सामने आने के बाद महिलाओं में आक्रोश और बढ़ गया है। गौरतलब है कि बीते दिनों प्रदर्शन के दौरान विवाद इतना बढ़ गया था कि बूढी निवासी युवक गौरव मेश्राम के साथ मारपीट की घटना हो गई थी। आरोप है कि विवाद के दौरान युवक के सिर में गंभीर चोट आई थी, जिसके बाद मामला पुलिस तक पहुंचा। इस घटना के बाद प्रदर्शन स्थल की सुरक्षा व्यवस्था और महिलाओं की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े होने लगे थे। इसी बीच मंगलवार 29 अप्रैल को नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती भारती सुरजीत ठाकुर और वार्ड पार्षद सरिता सोनेकर भी महिलाओं के समर्थन में धरना स्थल पहुंचीं। यहां उन्होंने प्रदर्शन कर रही महिलाओं से चर्चा की और उनकी समस्याएं सुनीं। महिलाओं ने नगर पालिका अध्यक्ष के सामने स्पष्ट रूप से शराब दुकान को तत्काल अन्यत्र स्थानांतरित किए जाने की मांग रखी। उन्होंने बताया कि दुकान के कारण क्षेत्र का माहौल लगातार खराब हो रहा है और रात के समय अक्सर विवाद, हंगामा और मारपीट जैसी घटनाएं सामने आ रही हैं, जिससे स्थानीय परिवारों और महिलाओं में भय का माहौल है। महिलाओं की बात सुनने के बाद नगर पालिका अध्यक्ष भारती सुरजीत ठाकुर ने मौके से ही पुलिस अधीक्षक से चर्चा की और प्रदर्शन स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए पुलिस बल तैनात करने की मांग की। उन्होंने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और शांतिपूर्ण प्रदर्शन के दौरान किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना नहीं होनी चाहिए। हालांकि उन्होंने महिलाओं से यह अपील भी की कि वे शांतिपूर्ण और कानूनी तरीके से अपना आंदोलन जारी रखें तथा किसी भी स्थिति में कानून को अपने हाथ में न लें। वहीं वार्ड पार्षद सरिता सोनेकर ने भी प्रशासन से शराब दुकान को जल्द अन्य स्थान पर शिफ्ट करने की मांग की। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की महिलाएं लंबे समय से आंदोलन कर रही हैं और उनकी भावनाओं का सम्मान किया जाना चाहिए। प्रदर्शन कर रही महिलाओं ने बताया कि लगातार उनके आंदोलन को प्रभावित करने की कोशिश की जा रही है। उनका आरोप है कि कुछ बाहरी लोग जानबूझकर धरना स्थल पर पहुंचकर विवाद की स्थिति निर्मित करते हैं, जिससे आंदोलन को बदनाम करने का प्रयास किया जा रहा है। महिलाओं ने प्रशासन से इस पूरे मामले में गंभीरता से हस्तक्षेप करने की मांग की है। साथ ही उन्होंने जनप्रतिनिधियों से भी समर्थन की अपील की है ताकि जल्द से जल्द शराब दुकान को वहां से हटाया जा सके। लगातार बढ़ते विरोध और प्रशासनिक दबाव के बीच अब सभी की नजर इस बात पर टिकी है कि जिला प्रशासन इस मामले में क्या निर्णय लेता है।









































