भटेरा रेलवे क्रॉसिंग पर निर्माणाधीन ओवरब्रिज अब स्थानीय वार्डवासियों के लिए परेशानी का कारण बनता जा रहा है। निर्माण कार्य के चलते पहले से ही आवागमन प्रभावित है और कई प्रभावित परिवारों को अब तक मुआवजा नहीं मिलने की शिकायत है। वहीं अब जलनिकासी की उचित व्यवस्था नहीं होने से क्षेत्र की समस्या और बढ़ गई है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि निर्माण कार्य के दौरान नालियों की व्यवस्था बाधित हो गई है, जिसके कारण गंदा पानी अब वार्डवासियों के घरों के आसपास और कई घरों के भीतर तक जमा होने लगा है। इससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है और बीमारी फैलने की आशंका भी बढ़ गई है। वार्डवासियों का कहना है कि उन्होंने कई बार संबंधित अधिकारियों को समस्या से अवगत कराया, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं किया गया। लगातार बढ़ रही परेशानियों के कारण लोगों में आक्रोश देखा जा रहा है। वहीं वार्ड पार्षद ने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा है कि यदि जल्द ही जलनिकासी, मुआवजा और आवागमन की समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो वह वार्डवासियों के साथ धरने पर बैठेंगे और निर्माण कार्य बंद करवाने के लिए आंदोलन करेंगे। उन्होंने कहा कि यदि स्थिति बिगड़ती है तो इसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
शहर के वार्ड क्रमांक-2 भटेरा चौकी रेलवे क्रॉसिंग पर निर्माणाधीन ओवरब्रिज अब स्थानीय लोगों के लिए राहत के बजाय परेशानी का कारण बनता जा रहा है। क्षेत्र के रहवासियों का आरोप है कि निर्माण कार्य बेहद अव्यवस्थित ढंग से किया जा रहा है, जिसके कारण आवागमन बाधित हो रहा है और पानी निकासी की समस्या गंभीर रूप लेती जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि निर्माण एजेंसी द्वारा एक ओर की सड़क पूरी तरह खोद दी गई है, जिससे वर्तमान में वन-वे यातायात के माध्यम से आवाजाही हो रही है। लोगों का सवाल है कि जब विभाग द्वारा वैकल्पिक मार्ग तैयार किया गया है तो उसे अब तक शुरू क्यों नहीं किया गया। एक ही रास्ते से छोटे-बड़े वाहनों की आवाजाही होने से दुर्घटना की आशंका लगातार बनी हुई है। वार्ड क्रमांक-2 की निवासी तेज नगपुरे ने बताया कि पानी निकासी की उचित व्यवस्था नहीं होने के कारण पिछले करीब 15 दिनों से उनके घर के सामने और नालियों में पानी जमा है। यह पानी अब घर के कमरों तक पहुंचने लगा है। उन्होंने कहा कि गंदे पानी के साथ नालियों के कीड़े-मकोड़े भी घरों के अंदर आ रहे हैं, जिससे परिवार को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं क्षेत्र निवासी विजय बिसेन ने बताया कि बीते एक महीने से ओवरब्रिज निर्माण के कारण क्षेत्र के लोग परेशान हैं। सड़क खुदाई के चलते आवाजाही प्रभावित हो रही है और नालियों के गंदे पानी की निकासी की कोई समुचित व्यवस्था नहीं की गई है। उन्होंने कहा कि नाले का निर्माण तो किया जा रहा है, लेकिन यह नहीं सोचा गया कि पानी आखिर निकलेगा कहां। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि अभी गर्मी के मौसम में यदि घरों में पानी भरने की स्थिति बन रही है तो बारिश के मौसम में हालात और भी भयावह हो सकते हैं। भटेरा चौकी क्षेत्र में घुटनों तक पानी भरने की आशंका से लोग अभी से चिंतित हैं।
निर्माण कार्य बंद कर चक्काजाम किया जाएगा – योगराज लिल्हारे
वार्ड पार्षद योगराज लिल्हारे ने मीडिया से चर्चा करते हुए कहा कि वे ओवरब्रिज निर्माण का स्वागत करते हैं और शुरुआत से ही विकास कार्य में सहयोग कर रहे हैं, लेकिन पानी निकासी की समस्या को लेकर वे लंबे समय से प्रशासन और विभाग का ध्यान आकर्षित कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि विधायक, एसडीएम सहित कई अधिकारियों ने क्षेत्र का निरीक्षण किया, लेकिन किसी ने भी जल निकासी की स्थायी व्यवस्था पर गंभीरता नहीं दिखाई। नतीजतन आज वार्ड की गलियों और लोगों के घरों में पानी भरने लगा है। पार्षद ने आरोप लगाया कि ब्रिज के दोनों ओर नालियों का निर्माण तो कर दिया गया, लेकिन पानी निकासी की अंतिम व्यवस्था नहीं बनाई गई। उन्होंने बताया कि यह क्षेत्र डूब प्रभावित क्षेत्र माना जाता है और यदि समय रहते समाधान नहीं किया गया तो बारिश में हालात बेहद खराब हो सकते हैं। योगराज लिल्हारे ने यह भी बताया कि कई प्रभावित लोगों ने सुरक्षा की दृष्टि से अपने मकान तोड़ना शुरू कर दिया है, लेकिन अब तक विभाग की ओर से मुआवजे की राशि नहीं दी गई है, जिससे लोग आर्थिक रूप से भी परेशान हैं।









































