Shai Hope Piles Up Various Records With Ton In 4th T20I vs India: वेस्टइंडीज के कप्तान शाई होप ने भारत के खिलाफ हैदराबाद में खेले गए चौथे टी20 मैच में इस सीरीज का दूसरा और इस भारत दौरे का चौथा शतक जड़ा। इस शतक के साथ शाई होप ने रिकॉर्ड्स की झड़ी लगा दी है। उन्होंने कई बड़े रिकॉर्ड बनाए हैं। यहां देखें उनके रिकॉर्ड्स की पूरी लिस्टIND vs WI T20I, Shai Hope Records List: वेस्टइंडीज के कप्तान शाई होप ने भारत के मौजूदा दौरे पर अपनी शानदार बल्लेबाजी का जलवा जारी रखते हुए इतिहास के पन्नों में अपना नाम दर्ज करा लिया है। बुधवार को हैदराबाद के राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए चौथे T20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले में होप ने ताबड़तोड़ प्रदर्शन करते हुए मात्र 50 गेंदों पर नाबाद 102 रनों की धमाकेदार पारी खेली। इस सीरीज में यह उनका दूसरा शतक और कुल तीसरा T20I शतक रहा, जबकि इस भारत दौरे पर वनडे और टी20 सीरीज मिलाकर ये उनका चौथा शतक साबित हुआ। चौथे टी20 में होप द्वारा लगाए शतक के दम पर वेस्टइंडीज ने बोर्ड पर 247 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया और मैच 24 रनों से जीतकर सीरीज 2-2 से बराबर कर ली।
इससे पहले रांची में खेले गए दूसरे T20I मैच में भी कप्तान शाई होप ने 45 गेंदों पर नाबाद 102 रनों की नाबाद पारी खेली थी। इतना ही नहीं, उन्होंने वनडे सीरीज में भी दो शानदार शतक जड़े थे। इस तरह से कैरेबियाई कप्तान ने इस पूरे दौरे पर अपने बल्ले से अनूठे रिकॉर्ड्स की झड़ी लगा दी है।
शाई होप द्वारा तोड़े गए ऐतिहासिक रिकॉर्ड्स की पूरी लिस्ट
- T20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज में दो शतक: शाई होप T20I क्रिकेट के इतिहास में किसी एक सीरीज में एक से अधिक शतक लगाने वाले पहले कप्तान बन गए हैं। इस छोटे फॉर्मेट में एक सीरीज में एक से अधिक शतक लगाने वाले अन्य बल्लेबाजों में फिल साल्ट, संजू सैमसन और तिलक वर्मा शामिल हैं।
- भारतीय सरजमीं पर सबसे ज्यादा शतक: भारत में और भारत के खिलाफ सभी फॉर्मेट्स को मिलाकर होप के नाम अब कुल 7 शतक हो गए हैं। उन्होंने एबी डीविलियर्स (6 शतक) का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। इसमें 4 वनडे, 2 टी20 इंटरनेशनल और 1 टेस्ट शतक शामिल है।
- पूर्ण-सदस्य देश के खिलाफ बतौर कप्तान दो शतक: होप भारत और किसी भी पूर्ण-सदस्य (Full-Member) टीम के खिलाफ एक से अधिक T20I शतक जड़ने वाले दुनिया के पहले कप्तान बन गए हैं। इस मामले में उनसे पहले शेन वॉटसन एकमात्र ऐसे कप्तान थे जिन्होंने भारत के खिलाफ शतक लगाया था।
- विकेटकीपर-बल्लेबाज का रिकॉर्ड: भारत के खिलाफ एक से अधिक T20 अंतरराष्ट्रीय शतक लगाने वाले वो पहले विकेटकीपर-बल्लेबाज हैं। इससे पहले केवल जोस बटलर ने इंग्लैंड के भारत दौरे पर यह कारनामा किया था।
- एक ही दौरे पर दोहरा शतकवीर: वेस्टइंडीज के कप्तान अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट इतिहास के ऐसे पहले खिलाड़ी बन गए हैं, जिन्होंने एक ही दौरे पर वनडे और टी20 दोनों सीरीज में एक से ज्यादा शतक जड़े हैं।
- धोनी की बराबरी: अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के सभी फॉर्मेट्स में विकेटकीपर-कप्तान के रूप में सबसे ज्यादा शतक लगाने के मामले में होप ने पूर्व भारतीय कप्तान एमएस धोनी की बराबरी कर ली है। दोनों के नाम इस दोहरी भूमिका में 11-11 शतक दर्ज हैं।
- एक टीम के खिलाफ सर्वाधिक 4 शतक: होप किसी एक विपक्षी टीम के खिलाफ चार शतक जड़ने वाले दुनिया के पहले विकेटकीपर-कप्तान बन गए हैं। उन्होंने इस मामले में भी एमएस धोनी (ऑस्ट्रेलिया और श्रीलंका के खिलाफ 3-3 शतक) को पीछे छोड़ दिया है।
- एक साल में चार शतक: 32 वर्षीय होप ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में एक कैलेंडर वर्ष के भीतर बतौर विकेटकीपर-कप्तान चार शतक जड़ने के मामले में धोनी (2009) की बराबरी कर ली है।
- द्विपक्षीय सीरीज में सर्वाधिक रन: बतौर कप्तान और विकेटकीपर किसी T20I द्विपक्षीय सीरीज में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड अब आधिकारिक रूप से शाई होप के नाम हो गया है।
इस रिकॉर्ड-तोड़ प्रदर्शन के बाद अब सीरीज का पांचवां और अंतिम मुकाबला बेंगलुरु के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में 17 अक्टूबर को खेला जाएगा, जो सीरीज का निर्णायक मुकाबला होगा।







































