भिंड। ऊमरी थाना अंतर्गत अकोड़ा चौराहा के पास शनिवार को सड़क हादसे में एक छात्र की मौत हो गई, जबकि एक छात्र घायल हो गया। हादसा अकोड़ा चौराहे के पास हुआ, जहां कोचिंग पढ़ने भिंड आ रहे दो छात्रों को तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने टक्कर मार दी। हादसे में 16 वर्षीय अजय पुत्र वीकेश यादव निवासी अकोड़ा की मौके पर मौत हो गई, जबकि उसका साथी 15 वर्षीय सुदामा पुत्र लला भदौरिया गंभीर रूप से घायल हो गया।
क्या है मामला
जानकारी के अनुसार शनिवार सुबह करीब 11:45 बजे दोनों छात्र भिंड में कोचिंग पढ़ने के लिए निकले थे। अकोड़ा कस्बे से अकोड़ा चौराहे तक वे किसी वाहन से पहुंचे। चौराहे पर काफी देर तक कोई वाहन नहीं रुका तो दोनों पैदल ही सड़क किनारे आगे बढ़ने लगे, ताकि आगे जाकर किसी वाहन को रोक सकें। इसी दौरान ईंट भट्टा के पास सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने दोनों को टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक ट्रैक्टर लेकर मौके से फरार हो गया।










































