भोपाल। जिले के बहुप्रतीक्षित मास्टर प्लान को लेकर शुक्रवार को आयोजित जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक विवादों के बीच रही।मास्टर प्लान लागू नहीं होने का मुद्दा उठाते हुए कांग्रेस विधायक आरिफ मसूद और आतिफ अकील ने बैठक की उपयोगिता पर सवाल खड़े किए।
बैठक में तीखी नोकझोंक हुई
फंदा जनपद पंचायत अध्यक्ष प्रमोद सिंह राजपूत के हस्तक्षेप के बाद तीखी नोकझोंक हुई, जिससे बैठक का माहौल करीब 10 मिनट तक तनावपूर्ण बना रहा। बाद में दोनों कांग्रेस विधायक बैठक का बहिष्कार कर बाहर निकल गए। दिशा समिति की बैठक की अध्यक्षता सांसद आलोक शर्मा ने की।
एजेंडे पर चर्चा के दौरान कांग्रेस विधायक आरिफ मसूद और आतिफ अकील ने कहा कि जब तक भोपाल का नया मास्टर प्लान लागू नहीं होता, तब तक विकास कार्यों की समीक्षा करने वाली बैठकों का अपेक्षित औचित्य नहीं रह जाता।इसी दौरान फंदा जनपद पंचायत अध्यक्ष प्रमोद सिंह राजपूत के हस्तक्षेप पर दोनों विधायकों ने आपत्ति जताते हुए कहा कि उनकी चर्चा सांसद से हो रही है और बीच में हस्तक्षेप उचित नहीं है।
इसके बाद दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई। आरोप-प्रत्यारोप और उंगली दिखाने की स्थिति बनने से बैठक का वातावरण तनावपूर्ण हो गया। कांग्रेस विधायकों ने नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि यदि उनकी बात गंभीरता से नहीं सुनी जानी है तो बैठक में बुलाने का कोई औचित्य नहीं है।
इसके बाद दोनों विधायक बैठक छोड़कर बाहर चले गए। सांसद आलोक शर्मा ने उन्हें रोकने और चर्चा जारी रखने का प्रयास किया, लेकिन वे वापस नहीं लौटे।
यह भी पढ़ें- राजधानी के भविष्य को लेकर मंथन: राज्य वित्त आयोग की बैठक में गूंजा मास्टर प्लान का मुद्दा; 36 ग्राम पंचायतों के लिए बनेगा अलग राजस्व मॉडल
मास्टर प्लान के लिए सीएम से मिलेंगे
बैठक के बाद सांसद आलोक शर्मा ने स्वीकार किया कि भोपाल के सुव्यवस्थित और दीर्घकालीन विकास के लिए मास्टर प्लान का शीघ्र लागू होना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि इस संबंध में वे जल्द मुख्यमंत्री से मुलाकात कर मास्टर प्लान को शीघ्र लागू कराने का आग्रह करेंगे।
बैठक में स्मार्ट सिटी परियोजना के कार्यों को लेकर भी जनप्रतिनिधियों ने अधिकारियों से जवाब-तलब किया। भाजपा विधायक भगवानदास सबनानी ने परियोजना की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि बड़े निर्माण कार्यों के बावजूद कई परिसरों में मूलभूत सुविधाओं का अभाव है।










































