भोपाल: मोती मस्जिद के सामने बैरिकेड्स को लेकर व्यापारियों का गुस्सा फूटा, दुकानें बंद कर धरना

0

मोती मस्जिद के सामने महीनों से लगे बैरिकेड्स को लेकर शुक्रवार को व्यापारियों ने नाराजगी जताई। उन्होंने दुकानें बंद कर सड़क पर धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया। उनका आरोप है कि बैरिकेड्स की वजह से आवागमन में भारी परेशानी हो रही है, फिर भी पुलिस इन्हें हटाने को तैयार नहीं है।

प्रदर्शन के चलते चौक बाजार, लखेरापुरा और आसपास के अन्य बाजार भी बंद रहे। व्यापारी संघ के अध्यक्ष अभिषेक जैन ने कहा कि पुलिस बैरिकेड्स नहीं हटाएगी, तब तक प्रदर्शन जारी रहेगा। इससे पहले बुधवार को व्यापारियों ने रैली निकालकर पुलिस और प्रशासन को चेतावनी दी थी।

इस मौके पर भोपाल व्यवसायी महासंघ, श्री सराफा एसोसिएशन, फेडरेशन ऑफ राजधानी वस्त्र व्यवसायी संघ, ओल्ड भोपाल होलसेल रेडीमेड संघ, आजाद मार्केट व्यावसायी संघ, नदीम रोड व्यापारी संघ और इब्राहिमपुरा व्यापारी संघ के पदाधिकारी भी मौजूद रहे।

बैरिकेडिंग इकबाल मैदान चौराहे पर मोती मस्जिद के सामने लगाई गई है। इससे भोज सेतु की ओर से आने वाले वाहनों को सदर मंजिल और चिरायु हॉस्पिटल होते हुए लखेरापुरा, चौक बाजार, सराफा, जुमेराती, बुधवारा, इब्राहिमगंज समेत अन्य बाजारों तक पहुंचने के लिए लंबा रास्ता तय करना पड़ता है। पहले ये वाहन सीधे बाजारों में जा सकते थे।

पुलिस का पक्ष है कि कई बार वाहन गलत दिशा में पीर गेट की ओर निकल जाते थे, जिससे हादसे का खतरा बना रहता था। इसी वजह से यहां बैरिकेड्स लगाए गए हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here