मध्‍य प्रदेश में अप्रैल में हटेगा तबादलों से प्रतिबंध, एक माह मिलेगी छूट

0

शिवराज सरकार तबादलों पर से अप्रैल में प्रतिबंध हटा लेगी। एक माह तक विभागों को मानवीय और प्रशासनिक आधार पर स्थानांतरण करने की छूट मिलेगी। इसके लिए तबादला नीति 2021 तैयार की जा रही है। यह जानकारी मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कैबिनेट बैठक से पहले मंत्रियों को संबोधन में दी।

गृहमंत्री डॉ.नरोत्तम मिश्रा ने बैठक की जानकारी देते हुए कहा कि तबादले इस बार एक से तीस अप्रैल तक होंगे। इसके लिए ऐसी नीति बनाई जाएगी, जिसमें मानवीय और प्रशासनिक आधार पर पारदर्शी व्यवस्था से स्थानांतरण हो सकें। मुख्यमंत्री ने सभी विभागों को निर्देश दिए हैं कि समीक्षा करके इसके लिए तैयारियां कर ली जाएं। तय अवधि के बाद सालभर स्थानांतरण नहीं होगा।

उल्लेखनीय है कि कोलार वन विश्राम गृह परिसर में हुई मंत्रियों की अनौपचारिक बैठक में तबादलों का मुद्दा आया था। तब मुख्यमंत्री ने सालभर चलने वाले तबादलों के सिलसिले पर आपत्ति जताते हुए कहा था कि इससे कामकाज प्रभावित होता है। साल में एक बार तबादले होने चाहिए। इसमें सभी पक्षों को ध्यान में रखा जाना चाहिए। वहीं, स्कूल शिक्षा विभाग को हरियाणा की नीति का अध्ययन करने के निर्देश दिए थे। दरअसल, सत्ता परिवर्तन के बाद मुख्यमंत्री समन्वय के माध्यम से ही तबादले हो रहे हैं। कुछ मंत्रियों ने मुख्यमंत्री से एक बार स्थानांतरण के लिए छूट देने की मांग भी की थी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here