भव्य पंडालों में प्रतिमा विराजित कर श्रध्दा, उत्साह के साथ मनाया जा रहा शक्ति की भक्ति का महापर्व नवरात्र
विविध धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के हो रहे आयोजन, मातारानी के जयकारों से गुंजमान्य हो रहा क्षेत्र
पद्मेश न्यूज। लालबर्रा। शक्ति की भक्ति का महापर्व शारदेय नवरात्र पर्व लालबर्रा मुख्यालय सहित ग्रामीण अंचलों में गत ११ अक्टूबर को माँ जगदम्बे की प्रतिमा विराजित कर नवरात्र पर्व श्रध्दा, उत्साह, भक्तिभाव एवं धूमधाम से मनाया जा रहा है। इस शारदेय नवरात्र पर्व के अवसर पर सार्वजनिक पंडालों एवं देवी मंदिरों में माता-रानी की आराधना भक्तिभाव के साथ की जा रही है। जिससे पूरा क्षेत्र भक्तिमय एवं मातारानी के जयकारों के नारों से गुंज उठा है और चहुंओर मातारानी के गीत की ध्वनि सुनाई दे रही है जिससे पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो गया है। वहीं माता-रानी के दरबार को आकर्षण लाइटिंग से सजाया गया है जो एक आकर्षण का केन्द्र बना हुआ है और मार्ग से गुजरने वाले लोगों को अपनी ओर आकर्षित कर रही है। इसी तरह नगर मुख्यालय के सबसे पुरानी श्रीगणेश नवदुर्गा उत्सव गंज समिति लालबर्रा, मानपुर बैरियर चौक, ग्राम पंचायत पनबिहरी में भी दो स्थानों पर माँ दुर्गा जी प्रतिमा विराजित कर धार्मिक आस्थाओं के साथ नवरात्र पर्व मनाया जा रहा है और श्रध्दालुजन भी माता-रानी के दरबार में पहुंचकर पूजन-अर्चन कर धर्मलाभ अर्जित कर रहे है। इस शारदेय नवरात्र पर्व के अवसर पर विविध धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया जा रहा है। इस दौरान श्रध्दालुओं की भीड़ भी देखी जा रही है। वहीं १९ अक्टूबर को नवमीं पर्व मनाया गया, इस पावन अवसर पर माँदुर्गा के नौ रूपों के प्रतीक स्वरूप नौ कन्याओं की विशेष पूजा-अर्चना की गई। साथ ही उन्हे उपहार भेंट कर विभिन्न पकवान खिलाकर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया गया।
घोटी में रोजाना हो रही माँजगदम्बे की महाआरती
नगर मुख्यालय से लगभग ५ किमी. दूर ग्राम पंचायत घोटी के चौक में सार्वजनिक दुर्गा उत्सव समिति के द्वारा माँ जगदम्बे की प्रतिमा विराजित की गई है। यहां प्रतिदिन रात ८ बजे भव्य महाआरती का आयोजन किया जाता है। इस दौरान ग्राम की युवतियां और महिलाएं अपने घरों से आरती की थाल सजाकर मातारानी के दरबार पहुंचती है और माँजगदम्बे की महाआरती कर आशीर्वाद प्राप्त कर रहे है।







































