ईरान ने बुधवार को बताया कि होर्मुज जलडमरूमध्य में एक मालवाहक जहाज समुद्री माइन से टकराकर डूब गया। इसी बीच, एक शीर्ष ईरानी अधिकारी ने कहा कि अमेरिका के साथ बातचीत के बावजूद ईरान को युद्ध के लिए तैयार रहना चाहिए।मिडिल ईस्ट में बुधवार को तनाव बढ़ने की कई घटनाएं सामने आईं। ईरान ने दावा किया कि होर्मुज जलडमरूमध्य में एक मालवाहक जहाज नौसैनिक समुद्री माइन से टकराकर डूब गया। वहीं, सऊदी अरब की सरकारी तेल कंपनी अरामको के मुख्यालय पर हूती विद्रोहियों के हमले की खबर है। इस बीच, ईरान के एक शीर्ष अधिकारी ने कहा है कि देश को अमेरिका के साथ बातचीत के बावजूद युद्ध के लिए तैयार रहना चाहिए। गाजा शहर में इजरायली हमले में एक महिला की मौत की भी सूचना मिली है।
होर्मुज जलडमरूमध्य में डूबा जहाज
ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) की नौसेना के मुताबिक, बुधवार सुबह एक मालवाहक जहाज होर्मुज जलडमरूमध्य में समुद्री माइन (naval mine) से टकराने के बाद डूब गया। युद्ध शुरू होने के बाद ईरान की ओर से समुद्री माइन से टकराकर किसी जहाज के डूबने की यह पहली रिपोर्ट है। ईरान के सरकारी टेलीविजन ने गार्ड के बयान के हवाले से बताया कि जहाज ऐसे मार्ग से गुजर रहा था, जिसे ईरान ने अवैध और खतरनाक बताया। प्रसारण में दिखाए गए जहाज के बारे में कहा गया कि वह 2,500 कंटेनर ले जा रहा था। हालांकि, जहाज के चालक दल की स्थिति और घटना के अन्य जानकारी स्पष्ट नहीं हैं।
इस बीच, सिंगापुर के समुद्री और बंदरगाह प्राधिकरण ने बताया कि सिंगापुर में पंजीकृत दो मालवाहक जहाज मंगलवार और बुधवार को जलडमरूमध्य से गुजरते समय अज्ञात प्रोजेक्टाइल की चपेट में आए। इनमें से एक जहाज डूब गया, जबकि दूसरा सुरक्षित स्थान पर पहुंच गया। डूबे जहाज के सभी क्रू मेंबर को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया और दोनों घटनाओं में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।प्राधिकरण ने इन हमलों को अनुचित और अंतरराष्ट्रीय कानून का उल्लंघन बताया। हालांकि, यह स्पष्ट नहीं है कि सिंगापुर में पंजीकृत डूबा जहाज वही था, जिसके समुद्री माइन से टकराने का दावा ईरान ने किया है। ईरान पहले भी बिना अनुमति जलडमरूमध्य से गुजरने वाले जहाजों को चेतावनी दे चुका है। दूसरी ओर, अमेरिकी सेना जहाजों को ओमान के तट के नजदीक एक मार्ग से गुजरने में मदद कर रही है।
सऊदी अरब में अरामको के मुख्यालय पर हूती हमला
क्षेत्रीय अधिकारियों के मुताबिक, यमन के हूती विद्रोहियों ने रात में सऊदी अरब की सरकारी तेल कंपनी अरामको के मुख्यालय पर हमला किया। यह मुख्यालय धहरान शहर में स्थित है। अधिकारियों ने बताया कि हमले में कंपनी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के कार्यालयों को नुकसान पहुंचा। हमले में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। अधिकारियों के अनुसार, बिल्डिंग की ऊपरी तीन मंजिलों को निशाना बनाया गया था।
बुधवार को सऊदी राजधानी रियाद में भी नए धमाकों की आवाजें सुनाई देने की भी खबर सामने आई। हाल के दिनों में सऊदी अरब के संवेदनशील ठिकानों के आसपास धुआं उठने की घटनाओं ने क्षेत्रीय सुरक्षा और वैश्विक तेल बाजार को लेकर चिंता बढ़ाई है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप सऊदी अरब के हूतियों पर हमलों में अमेरिका की संभावित भागीदारी पर विचार कर रहे हैं।
अमेरिका से बातचीत के बीच ईरान ने युद्ध के लिए तैयार रहने को कहा
ईरान की संसद के अध्यक्ष मोहम्मद बाघेर गालिबाफ ने बुधवार को कहा कि अमेरिका के साथ बातचीत जारी रहने के बावजूद ईरान को युद्ध के लिए तैयार रहना चाहिए। टेलीविजन पर दिए गए भाषण में गालिबाफ ने कहा कि ईरान की प्रमुख चिंता यह सुनिश्चित करना है कि अमेरिका दोबारा हमला न करे। उन्होंने कहा कि वॉशिंगटन के साथ समझौते पर हस्ताक्षर हो जाने से भी इसकी गारंटी नहीं मिलती। गालिबाफ ने अमेरिका पर अपने वादे तोड़ने का आरोप लगाया और कहा कि ईरान को अपने विरोधी के खिलाफ लड़ने के लिए तैयार रहना होगा। उन्होंने यह भी कहा कि अमेरिका को अपना व्यवहार बदलना चाहिए और ईरानी जनता के साथ समझौता करना चाहिए।
गाजा में इजरायली हमला
गाजा सिटी के शिफा अस्पताल के अधिकारियों के अनुसार, इजरायल के एक हवाई हमले में एक अपार्टमेंट में एक महिला की मौत हो गई। इजरायली सेना का दावा है कि उसने हमास के एक लड़ाके को निशाना बनाया था। हालांकि, वह अभी भी इस हमले के परिणामों का आकलन कर रही है।







































