मेहंदीवाड़ा में भव्य कलश यात्रा के साथ नौ दिवसीय शिव महापुराण कथा का हूआ श्रीगणेश

0

पद्मेश न्यूज। वारासिवनी। वारासिवनी जनपद पंचायत अंतर्गत ग्राम पंचायत मेहंदीवाड़ा के गांधी चौक में मंगलवार को धार्मिक उत्साह और श्रद्धा के साथ नौ दिवसीय श्री शिव महापुराण कथा एवं रुद्राक्ष महोत्सव का भव्य आगाज हुआ। कार्यक्रम के प्रथम दिन आयोजित कलश शोभायात्रा ने पूरे क्षेत्र को शिवमय कर दिया। मंगलवार सुबह शुभ मुहूर्त में गाजे-बाजे के साथ कलश यात्रा निकाली गई। इस दौरान बड़ी संख्या में महिलाएं सिर पर मंगल कलश धारण कर मंगल गीत गाते हुए चल रही थीं। यह शोभायात्रा डीजे पर बज रहे भक्ति गीतों की धुन पर निकाली गई। इसमें श्रद्धालुओं के जयकारों और भक्ति संगीत से पूरा वातावरण गूंज उठा। जगह-जगह ग्रामीणों द्वारा पुष्प वर्षा कर यात्रा का भव्य स्वागत किया गया। यह यात्रा गांव के प्रमुख मार्गों, विभिन्न वार्डो, गलियों से होते हुए कथा स्थल गांधी चौक पहुँची जहाँ विधि-विधान से कलश स्थापित किए गए। इस नौ दिवसीय महोत्सव में श्रीधाम वृंदावन से पधारीं प्रखर कथावाचिका पूज्य सौम्या देवी अपने मुखारविंद से अमृतमयी कथा का रसपान कराएंगी। आयोजकों ने बताया कि कथा का समय प्रतिदिन शाम ७ बजे से रात्रि १० बजे तक निर्धारित किया गया है ताकि ग्रामीण और आसपास के श्रद्धालु सुलभता से धर्म लाभ ले सकें। कलश यात्रा के पश्चात अब बुधवार ८ अप्रैल से मुख्य कथा का क्रम शुरू होगा। कथा के दौरान विभिन्न प्रसंगों का वर्णन किया जाएगा जिसमे ८ अप्रैल को शिव पुराण महोत्सव ज्ञान संहिता कथा प्रारंभ शिव महिमा कथा श्रवण के नियम और माता पार्वती के पूर्व जन्म की कथा। ९ अप्रैल को शिव महापुराण ज्ञान संहिता सृष्टि की उत्पत्ति ब्रह्मा विष्णु संवाद शिवलिंग प्रकट कथा। १० अप्रैल को रुद्र संहिता सती खंड सती जन्म एवं दक्ष यज्ञ सती का देहात त्याग और शिव का मिलाप की कथा। ११ अप्रैल को रुद्र संहिता पार्वती खंड पार्वती जन्म हिमालय पर तपस्या एवं शिव-पार्वती विवाह का भव्य प्रसंग। १२ अप्रैल को रुद्र संहिता पार्वती खंड / गणेश खंड गणेश-कार्तिकेय उत्पत्ति एवं भगवान गणेश के हाथी मस्तक लगने एवं अन्य अवतार का प्रसंग। १३ अप्रैल को रुद्र खंड / कैलाश संहिता त्रिपुरासुर वध शिव द्वारा तारकासुर का अंत भक्तों की कथा। १४ अप्रैल को शिव महिमा भगवान शिव के लिंग रूप का महत्व रुद्राभिषेक एवं कथा विश्राम। १५ अप्रैल को हवन पुजन कर लोगो को गुरु दीक्षा समारोह एवं विशाल भंडारा का आयोजन किया गया है। इस भव्य आयोजन का जिम्मा समस्त ग्रामवासी ग्राम मेहंदीवाड़ा ने उठाया है। आयोजन समिति ने क्षेत्र के सभी धर्मप्रेमी जनता से सपरिवार पधारकर पुण्य लाभ अर्जित करने की अपील की है। आज के इस शुभारंभ अवसर पर मेहंदीवाड़ा सहित आसपास के क्षेत्रों से आए हजारों श्रद्धालुओं की उपस्थिति ने आयोजन को ऐतिहासिक बना दिया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here