‘कर्ज’ और ‘अर्थ’ जैसी फिल्मों में नजर आए राज किरण याद हैं? वह 70 के दशक के टॉप स्टार्स में शुमार थे और अपने करियर में कई हिट फिल्में दीं, पर पिछले तीन दशक से वह लापता हैं। राज किरण कहां हैं, किस हाल में हैं, जिंदा हैं भी या नहीं, इसकी कोई जानकारी नहीं है। उनके परिवार ने शुरुआत में तो इस बात को काफी समय तक छुपाए रखा, लेकिन बाद में सामने आकर इसकी वजह बताई थी। साथ ही खुलासा किया था कि वो कई साल तक राज किरण को ढूंढते रहे, पर कहीं कुछ पता नहीं लगा। बताया जाता है कि राज किरण साल 1994 के बाद कहीं नजर नहीं आए। पर 2011 में उनके एक पागलखाने में होने की खबरें आई थीं, जिनका बेटी रिशिका ने खंडन किया था। राज किरण को लापता हुए 32 साल बीत चुके हैं, पर उनका परिवार आज किस हाल में है? पत्नी और बच्चे क्या करते हैं, पता है?
राज किरण के बारे में कहा जाता है कि वह डिप्रेशन से जूझ रहे थे और मानसिक बीमारी का शिकार थे। बेटी ने भी यह बात मानी थी। एक्टर की बेटी ने ‘मिड डे’ से कहा था कि पापा राज किरण को कुछ हद तक मानसिक बीमारी थी, जिसे परिवार अपने हिसाब से हैंडल करना चाहता था। उनकी मां और अंकल ने राज किरण को ढूंढने के लिए एड़ी-चोटी का जोर लगा दिया था, पर कहीं कुछ पता नहीं चला। यहां तक कि प्राइवेट डिटेक्टिव भी हायर किए गए, ताकि राज किरण को खोजा जा सके। राज किरण की बेटी ने बताया था कि एक्टर न्यू यॉर्क से अचानक लापता हो गए थे। घर में भी उन्होंने किसी को कुछ नहीं बताया था कि कहां जा रहे हैं या कहां हैं। तब परिवार ने न्यू यॉर्क पुलिस की भी मदद ली थी।राज किरण का परिवार, बड़ी बेटी-दामाद जूलरी डिजाइनर
राज किरण की दो बेटियां हैं, जिनके नाम रिशिका महतानी और मन्नत महतानी हैं। दोनों ही अपनी जिंदगी और करियर में सक्सेसफुल हैं। रिशिका एक जूलरी डिजाइनर और ब्लॉगर हैं। वह इंस्टाग्राम पर एक्टिव हैं और फाइन जूलरी बनाती हैं। रिशिका ने शादी भी एक जूलरी डिजाइनर से की है, जिनका नाम रवि शाह है। ड्रेक जैसे कई इंटरनेशनल सेलिब्रिटीज ने रवि शाह की डिजाइन की जूलरी पहनी हैं। रिशिका और रवि की शादी को 12 साल से ज्यादा हो चुके हैं। अपनी जिंदगी में आगे बढ़ने के बावजूद, वह पिता को आज भी खूब याद करती हैं और सोशल मीडिया पर इमोशनल पोस्ट शेयर करती रहती हैं। हाल ही रिशिका एक बेटी की मां भी बनीं।










































