राष्ट्रीय पंवार क्षत्रीय महासभा की राष्ट्रीय कार्यसमिति की बैठक संपन्न

0


बैठक से पूर्व जिला पंवार समाज ने किए विविध कार्यक्रम,
समाज के विकास और संगठन विस्तार पर हुई विस्तृत चर्चा
फोटो
पदमेश न्यूज़।बालाघाट।राष्ट्रीय पंवार क्षत्रीय महासभा की राष्ट्रीय कार्यसमिति की बैठक रविवार को गरिमामय वातावरण में संपन्न हुई। बैठक में विभिन्न जगहों से आए पदाधिकारियों एवं समाज के प्रतिनिधियों ने भाग लेकर संगठन की मजबूती, सामाजिक एकता तथा समाज के सर्वांगीण विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया।बैठक के पूर्व जिला पंवार समाज द्वारा अतिथियों के स्वागत में विविध कार्यक्रम आयोजित किए गए। पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ अतिथियों का अभिनंदन किया गया तथा समाज की सांस्कृतिक विरासत को प्रदर्शित करने वाले आयोजन भी हुए। इस दौरान समाज के वरिष्ठजनों एवं युवाओं की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली।राष्ट्रीय कार्यसमिति की बैठक में शिक्षा, युवाओं को रोजगार से जोड़ने, समाज के आर्थिक उत्थान, महिला सशक्तिकरण, सामाजिक समरसता तथा संगठन के विस्तार जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की गई। वक्ताओं ने समाज के प्रत्येक वर्ग को साथ लेकर आगे बढ़ने और नई पीढ़ी को समाज की गतिविधियों से जोड़ने पर विशेष बल दिया।बैठक के अंत में समाजहित में कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर सहमति बनी तथा सभी पदाधिकारियों और सदस्यों ने समाज के विकास एवं संगठन को अधिक मजबूत बनाने के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया।

विभिन्न कार्यक्रमों के किए गए आयोजन
बैठक के पूर्व विविध सामाजिक एवं धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए गए।स्थानीय सर्किट हाउस में जिला संगठन पदाधिकारियों ने राष्ट्रीय अध्यक्ष नंदलाल चौधरी एवं राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्यों का आत्मीय स्वागत किया। इसके पश्चात राष्ट्रीय अध्यक्ष व जिला अध्यक्ष विशाल बिसेन ने भारत रत्न संविधान निर्माता डॉ. बाबा साहेब अम्बेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।इसके बाद पदाधिकारियों ने मोती तालाब परिसर स्थित चक्रवर्ती सम्राट राजा भोज की प्रतिमा का पूजन एवं माल्यार्पण किया। पर्यावरण संरक्षण के संदेश के साथ राष्ट्रीय अध्यक्ष,जिला अध्यक्ष, जिला महिला अध्यक्ष एवं जिला युवा अध्यक्ष सहित समस्त पदाधिकारियों ने वृक्षारोपण किया।
कार्यक्रम के दौरान दानवीर रामा बापू लोधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर जयघोष के साथ नमन किया गया। साथ ही भगवान सहस्त्रबाहु जी की प्रतिमा पर भी माल्यार्पण किया गया।बैठक स्थल के समीप राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं जिला अध्यक्ष ने नर्मदा नगर स्थित चमत्कारी शिव मंदिर में भगवान महाकाल की पूजा-अर्चना कर समाज की सुख-समृद्धि की कामना की।स्थानीय वार्ड 32 मांदी समिति द्वारा मंगल भवन पहुंचने पर राष्ट्रीय अध्यक्ष नंदलाल चौधरी, जिला अध्यक्ष विशाल बिसेन एवं समाजजनों का भव्य स्वागत-अभिनंदन किया गया।इस अवसर पर जिला संगठन के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे।

समाज विकास के मुद्दे पर हुई अहम चर्चा
बैठक प्रातः 11 बजे से शुरू हुई जो देर शाम तक चलती रही। बैठक में पंवार समाज के पूर्व एवं वर्तमान जनप्रतिनिधियो के साथ ही देश भर से आए राष्ट्रीय पदाधिकारी उपस्थित रहे। समाज के विकास को लेकर विभिन्न प्रस्ताव पारित किए गए, जिसमें मुख्यत राष्ट्रीय स्तर के कार्यालय के निर्माण, शिक्षा और प्रतियोगिता परीक्षा क्षेत्र में जरूरतमंद विद्यार्थियों को सहयोग, चिकित्सा और इलाज हेतु जरूरतमंद सामाजिक बंधुओं को सहयोग एवं अन्य प्रस्ताव पारित किए गए।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here