लगातार तीसरी बार नगरपालिका मे भाजपा की सरकार

0

 नगरपालिका बालाघाट में अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद के लिए निर्वाचन की प्रक्रिया की गई, जिसमें भाजपा प्रत्याशी भारती सुरजीत सिंह ठाकुर ने 23 मत प्राप्त कर विजय प्राप्त की और नगरपालिका अध्यक्ष पद के लिए निर्वाचित हुई। इस प्रकार नगरपालिका बालाघाट में लगातार तीसरी बार भाजपा की सरकार बनी है। कांग्रेस प्रत्याशी श्रीमती अर्चना सोनी को 10 मत प्राप्त हुए। नगरपालिका अध्यक्ष पद पर विजयी प्रत्याशी श्रीमती भारती सुरजीत सिंह ठाकुर ने सभी का अभिवादन किया। वहीं उपाध्यक्ष पद पर भाजपा प्रत्याशी योगेश बिसेन निर्वाचित हुए, इन्हें 22 वोट मिले वहीं कांग्रेस प्रत्याशी लोहिना पंचेश्वर को 11 मत प्राप्त हुए। नगरपालिका अध्यक्ष पद पर श्रीमती भारती सुरजीत सिंह ठाकुर के निर्वाचित होते ही भाजपा पदाधिकारी कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों में भारी हर्ष व्याप्त हो गया है। परिणाम आते ही नगरपालिका कार्यालय के सामने जश्न का माहौल रहा, भाजपा कार्यकर्ताओं ने ढोल नगाड़े बजाकर जीत की खुशी का जमकर इजहार किया वही जमकर आतिशबाजी भी की गई।
भारती ठाकुर ने 13 वोटों से और योगेश ने 12 वोटों से जीता चुनाव
आपको बताये कि नगरपालिका अध्यक्ष पद के लिए निर्वाचन की प्रक्रिया सुबह 11:00 बजे से प्रारंभ हुई जो कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी गिरीश कुमार मिश्रा द्वारा संपन्न कराई गई, अध्यक्ष पद के लिए 2 प्रत्याशियों ने नामांकन फार्म भरे। कांग्रेस की ओर से श्रीमती अर्चना सोनी और भाजपा की ओर से श्रीमती भारती सुरजीत सिंह ठाकुर ने नामांकन फार्म भरा। जिसमें श्रीमती अर्चना सोनी को 10 मत मिले वहीं भाजपा प्रत्याशी श्रीमती भारती सुरजीत सिंह ठाकुर को 23 वोट मिले, इस प्रकार भारती सुरजीत सिंह ठाकुर नगरपालिका अध्यक्ष पद के लिए 13 मतों से विजयी हुई। वहीं उपाध्यक्ष पद पर भाजपा प्रत्याशी योगेश बिसेन 12 वोटों से विजय हुये।
मतदान प्रारंभ होने के ठीक पूर्व भाजपा ने पहुंचाया 16 पार्षदों को
नगरपालिका अध्यक्ष पद के निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान नामांकन फार्म जमा करने के पूर्व ही कांग्रेस के सभी 11 पार्षद नगरपालिका कार्यालय पहुंच गए थे वहीं दोपहर करीब 11:30 बजे भाजपा के 5 पार्षद एवं एक निर्दलीय पार्षद मानक बर्वे नगरपालिका कार्यालय पहुंचे। वहीं भाजपा के शेष 13 पार्षद तीन निर्दलीय पार्षदों के साथ एक साथ मतदान प्रारंभ होने के ठीक पूर्व नगरपालिका कार्यालय पहुंचे और उन्होंने मतदान प्रक्रिया में हिस्सा लिया।
कांग्रेस के एक पार्षद ने भाजपा के अध्यक्ष प्रत्याशी को दिया वोट
लेकिन जब अध्यक्ष पद के लिए मतदान के परिणाम आए वह चौकाने वाले आये। भारतीय जनता पार्टी को उनके सभी 18 पार्षदों के साथ चार निर्दलीय पार्षदों के भी वोट मिले, साथ ही विपक्षी पार्टी कांग्रेस की ओर से भी एक वोट मिला। यह कहे कि कांग्रेस पार्टी के एक प्रत्याशी द्वारा क्रॉस वोटिंग की गई। यही कारण है कि भाजपा को मिलने वाले 18 वोट का ग्राफ निर्दलीय पार्षदों एवं कांग्रेस के एक पार्षद की सहायता से 23 पर पहुंच गया।
कांग्रेस पार्षद द्वारा की गई क्रॉस वोटिंग से मची खलबली
परिणाम आने के बाद से ही यह चर्चा व्याप्त हो गई कि कांग्रेस से आखिर किस पार्षद द्वारा क्रॉस वोटिंग करते हुए भाजपा प्रत्याशी को वोट कर दिया गया लोग यह जानने के लिए आतुर थे लेकिन उसके कुछ मिनटों बाद ही विधायक गौरीशंकर बिसेन का बयान सामने आया, जिससे खलबली मच गई। श्री बिसेन द्वारा पुष्टि कर दी गई की उन्हें कांग्रेस पार्टी की तरफ से भी एक पार्षद द्वारा नगर विकास के लिए वोट दिया गया है उनके द्वारा कारो भैया द्वारा वोट दिया जाना सार्वजनिक भी कर दिया गया। इसमें सत्यता क्या है यह तो नहीं मालूम लेकिन इससे राजनीतिक गलियारे में जरूर चर्चाये व्याप्त रही।
कारो भैया ने विकास के मुद्दे पर दिया हमको वोट – गौरीशंकर बिसेन
नगरपालिका कार्यालय के सामने पहुंचे बालाघाट विधायक गौरीशंकर बिसेन ने बताया कि पहली बार जब नगरपालिका परिषद में रमेश रंगलानी के नेतृत्व में चुनाव लड़ा नगर का चहुमुखी विकास किया। उसके बाद अनिल धुवारे ने कहीं बढक़र कार्य किया इस बार 18 पार्षद भाजपा के जीते उसी दिन निश्चित हो गया भाजपा की नगरपलिका होगी। चार निर्दलीय साथियों ने हमें समर्थन दिया इससे हमारी संख्या 22 हो गई। एक और हमारा कांग्रेसी पार्षद है जिसने कहा मैं विकास के मुद्दे पर भाजपा को वोट दूंगा, हमारे कारों भैया ने हमको वोट दिया है। जहां तक भारती पारधी की बात है तो भारती पारधी हमारी बहन है उन्होंने भाजपा को वोट दिया है उन्होंने कहा है भाजपा का निर्णय शिरोधार्य है। बालाघाट नगर का चहुमुखी विकास और जनकल्याण के काम किए जाएंगे, हमारा जो विकास का एजेंडा है उसे पूरा करेंगे।
मैंने क्रॉस वोट नहीं किया, भाऊ ऐसा क्यों बोल रहे हैं नहीं पता – कारो लिल्हारे
वहीं विधायक के इस बयान पर वार्ड नंबर दो के कांग्रेसी पार्षद कारो लिल्हारे ने उन पर लगे आरोप का खंडन करते हुए कहा कि उन्होंने दोनों वोट कांग्रेस के प्रत्याशी को ही दिया है क्योंकि वह कांग्रेस के सिंबाल पर चुनाव लड़े हैं और उसी सिम्बाल पर चुनाव जीते हैं। भाउ ने उनका नाम किस आधार पर लिया यह नहीं पता, मैंने क्रॉस वोट नहीं किया है यह मैं दावे के साथ कह सकता हूं अपना वोट इमानदारी से कांग्रेस प्रत्याशी को ही दिया हूं। एक वोट कांग्रेस की तरफ से गिरा जरूर है लेकिन वह वोट मेरा नहीं है इसके लिए मैं किसी की भी कसम खाने तैयार हूं। विधायक गौरीशंकर बिसेन द्वारा नाम लिए जाने की बात है तो जितनी मेरी उम्र है उतनी तो उनकी राजनीति है मेरे ही ऊपर क्यों बोल रहे हैं नहीं पता।
कांग्रेस की जीत के लिए पूरी तरह आश्वस्त है – हिना कावरे
यह भी बताये कि निर्वाचन की प्रक्रिया शुरू होने के पहले सभी कांग्रेसी पार्षद पूर्व विधायक अशोक सिंह सरस्वार के निवास में एकत्र हुए जहां उन सभी पार्षदों का तिलक वंदन कर उन्हें नगरपालिका कार्यालय भिजवाया गया। सभी पार्षदों को लांजी विधायक सुश्री हिना कावरे लेकर नगरपालिका कार्यालय पहुंची। इस दौरान विधायक सुश्री हिना कावरे ने कहा कि जिस प्रकार से बालाघाट में कांग्रेस का वोट प्रतिशत अधिक रहा है उसको देखते हुए हम कांग्रेस की जीत के लिए पूरी तरह आश्वस्त है।
वरिष्ठ नेतृत्व और नगर के सभी मतदाताओं की जीत है – सुरजीत सिंह ठाकुर
अध्यक्ष पद के परिणाम आते ही भाजपा कार्यकर्ता समर्थकों में भारी उत्साह देखा गया। इस दौरान भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष सुरजीत सिंह ठाकुर ने कहा यह भाजपा के वरिष्ठ नेतृत्व तथा बालाघाट में जिनके नेतृत्व में चुनाव लड़ा वह मौसम दीदी व सभी 18 पार्षद सहयोगी पार्षद व बालाघाट नगर के उन सभी मतदाताओं की जीत है जिन्होंने आशीर्वाद दिया है। आदर्श नगर बनाने का भाजपा ने संकल्प पत्र जारी किया था मुख्यमंत्री द्वारा भी कहा गया है आपका संकल्प पत्र याद है उसे अक्षरश: पालन कर पूर्ण कराएंगे। यह जीत नगर के सभी मतदाताओं की है बालाघाट नगर के विकास के लिए कमी नहीं होने देंगे।
भारती पारधी में दिखी नाराजगी
आपको बताये की नगरपालिका बालाघाट मे पार्षदों के चुनावी परिणाम आते ही अध्यक्ष पद के दावेदारों में शुरू से ही भारती ठाकुर एवं भारती पारधी का नाम प्रमुख रूप से लिया जा रहा था क्योंकि दोनों ही पार्षदों द्वारा यह चुनाव अध्यक्ष बनने की आस लिए चुनाव लड़ा था। लेकिन जिस प्रकार से नगरपालिका अध्यक्ष चुनाव के ठीक पांच-छह दिन पूर्व भाजपा के सभी पार्षदों को धार्मिक यात्रा के टूर पर बाहर ले जाया गया और यह टूर वापस आने के बाद भी 16 पार्षदों को जिनमें 3 पार्षद निर्दलीय थे उन सभी पार्षदों को नगरपालिका अध्यक्ष पद के लिए नामांकन फार्म दाखिल करने का समय समाप्त होते तक नगरपालिका कार्यालय में नहीं लाया गया। इससे भाजपा की वरिष्ठ नेत्री एवं नवनिर्वाचित पार्षद भारती पारधी में नाराजगी देखी गई। यही नहीं जब सभी भाजपा के पार्षद एवं पदाधिकारी कार्यकर्ता जीत का जश्न मना रहे थे श्रीमती भारती पारधी वहा से निकल गई और वह जीत के जुलूस में भी शामिल नहीं रही।
पार्टी का निर्णय सर्वोपरि है – भारती पारधी
नगरपालिका कार्यालय में मतदान करने पहुंची वरिष्ठ भाजपा नेत्री एवं नवनिर्वाचित पार्षद श्रीमती भारती पारधी ने कहा कि पार्टी का निर्णय सर्वोपरी है उन पर पार्टी का कोई दबाव नहीं है और पार्टी के साथ है तथा पार्षद पद से इस्तीफे की अगर बात है तो वह समय बताएगा।
नगर में निकाला गया भव्य जुलूस
नगरपालिका अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष पद का निर्वाचन संपन्न होने के बाद कलेक्टर गिरीश कुमार मिश्रा द्वारा उन्हें प्रमाण पत्र दिया गया। इसके बाद वहां भाजपा पदाधिकारी कार्यकर्ताओं का जमावड़ा लग गया। नगरपालिका कार्यालय बालाघाट से ही जीत का जुलूस भाजपा पदाधिकारी कार्यकर्ताओं द्वारा निकाला गया जिसमें आयुष मंत्री रामकिशोर कावरे, भाजपा जिला अध्यक्ष रमेश भटेरे, भाजपा नेत्री मौसम हरिनखेडे प्रमुख रूप से शामिल रही। यह जुलूस कालीपुतली चौक से मेन रोड होते हुए नगर के प्रमुख मार्ग का भ्रमण करते हुए भाजपा कार्यालय पहुंचकर समाप्त हुआ। दोनों ही नवनिर्वाचित नगरपालिका अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष का जुलूस के दौरान नगर के गणमान्य जनों द्वारा स्वागत किया गया।
आदर्श मॉडल शहर बनाने कार्य करेंगे – भारती ठाकुर
नगरपालिका की नवनिर्वाचित अध्यक्ष श्रीमती भारती सुरजीत सिंह ठाकुर ने बताया कि इस जीत का श्रेय पूरे संगठन को वरिष्ठ जनों को गौरीशंकर बिसेन, मौसम हरिनखेड़े, नानो भैया, रमेश भटेरे को जाता है। यह जीत सिर्फ भाजपा की जीत नहीं है पूरे नगरवासियों के जीत है यह जनता के विश्वास सहयोग और आशीर्वाद की जीत है। हम बालाघाट नगर को आदर्श मॉडल शहर बनाने कार्य करेंगे सुशासन लाएंगे और इसे आदर्श नगरपालिका बनाएंगे। वरिष्ठ भाजपा नेत्री भारती पारधी के नाराज होने के सवाल पर कहा कि भारती पारधी हमारी वरिष्ठ है बड़ी बहन है उनके साथ मिलकर ही नगरपालिका में कार्य किया जाएगा।
विकास का खांका बनाकर विकास कार्यों को आगे बढ़ाएंगे – योगेश बिसेन
नगरपालिका बालाघाट के नव निर्वाचित उपाध्यक्ष योगेश बिसेन ने बताया कि यह जीत भाजपा संगठन भाजपा परिवार और बालाघाट शहर की जनता की जीत है। नगर में जो भी समस्याएं हैं उनका निराकरण करवाएंगे, सभी पार्षद मिलकर विकास का खाका बनाएंगे और विकास कार्यों को आगे बढ़ाएंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here