न्यूयॉर्क: फीफा वर्ल्ड कप 2026 के महामुकाबले यानी रविवार को अर्जेंटीना के खिलाफ होने वाले फाइनल से पहले स्पेनिश खेमे से आई एक खबर ने फुटबॉल फैंस की धड़कनें बढ़ा दीं। स्पेन के स्टार युवा खिलाड़ी लामिन यमाल न्यू जर्सी में टीम के पहले ट्रेनिंग सेशन के दौरान मुख्य टीम से अलग अभ्यास करते नजर आए। इसके तुरंत बाद सोशल मीडिया पर उनकी कुछ तस्वीरें वायरल हो गईं, जिसमें उनकी बाईं जांघ पर पट्टी बंधी हुई दिख रही थी। इस तस्वीर के सामने आते ही कयास लगाए जाने लगे कि क्या यमाल इस सबसे बड़े मैच से बाहर हो जाएंगे? हालांकि, रॉयल स्पेनिश फुटबॉल फेडरेशन और मुख्य कोच लुइस दे ला फुएंते ने इन सभी चिंताओं और अटकलों को खारिज करते हुए फैंस को बड़ी राहत दी है।
कोई बड़ी चोट नहीं, बस वर्कलोड मैनेजमेंट करने की रणनीति
स्पेनिश फुटबॉल फेडरेशन ने साफ किया है कि लामिन यमाल और राइट-बैक प्रेडो पोरो दोनों को किसी गंभीर चोट के कारण नहीं, बल्कि उनके वर्कलोड मैनेजमेंट के तहत अलग से ट्रेनिंग प्रोग्राम दिया गया था। फेडरेशन ने आधिकारिक तौर पर कहा, ‘दोनों खिलाड़ियों के रविवार को होने वाले फाइनल मैच के लिए उपलब्ध रहने की पूरी उम्मीद है।’ यह अलग से किया गया सेशन महज एक एहतियाती कदम था, ताकि खिलाड़ी पूरी तरह तरोताजा रह सकें। टीम मैनेजमेंट को पूरा भरोसा है कि ये दोनों खिलाड़ी डिफेंडिंग चैंपियन अर्जेंटीना के खिलाफ मैदान पर उतरने के लिए पूरी तरह फिट होंगे।










































