विधायक ने सरेखा ओवरब्रिज का किया निरीक्षण

0

लंबे समय से सरेखा ओवरब्रिज की आस अब पूरी होती दिखाई दे रही है। शुक्रवार को विधायक और मप्र अन्य पिछड़ा वर्ग कल्याण आयोग के अध्यक्ष गौरीशंकर बिसेन ने प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में सरेखा ओवरब्रिज की निरीक्षण किया। वैसे तो विधायक बिसेन सरेखा ओवरब्रिज की लंबाई, चौड़ाई और इसके शुरुआत से लेकर अंतिम छोर का मुआयना करने पहुंचे थे, लेकिन निरीक्षण के बाद विधायक ने ब्रिज के स्टार्टिंग पॉइंट पर सब्बल से वार कर निशान बनाया और नारियल फोड़कर मानो आवेरब्रिज के कार्य का श्रीगणेश कर दिया। उन्होंने लोगों में जल्द सरेखा ओवरब्रिज बनने की उम्मीद जगाई। इसके बाद विधायक बिसेन ने रास्ते से गुजर लोगों को रोककर अपने हाथों से मिठाई खिलाई। निरीक्षण के दौरान राजस्व, सेतु विभाग, नगर पालिका और पुलिस का अमला मौजूद रहा।

आपको बता दें कि करीब 71 करोड़ की लागत से सरेखा ओवरब्रिज का निर्माण किया जाएगा। इसके लिए राजस्व, सेतु विभाग और नगर पालिका का अमला सोमवार से सर्वे करेगा। बताया गया कि सरेखा ओवरब्रिज 26 मीटर चौड़ा बनाया जाएगा, लेकिन सरेखा रेलवे फाटक के पास ब्रिज की चौड़ाई 21 मीटर की होगी। ब्रिज की लंबाई और चौड़ाई में समानता और अतिक्रमण हटाने जैसे बिंदुओं को परखने विधायक बिसेन निरीक्षण करने पहुंचे थे। उन्होंने बताया कि सरेखा ओवरब्रिज एक हजार मीटर यानी एक किलो मीटर लंबा होगा। सरेखा चौक के पास ये टी आकार में बंटकर बैहर बायपास और गोंदिया रोड की ओर जाएगा। प्रारंभ बिंदू से रेलवे ट्रैक तक ब्रिज की लंबाई 363.8 मीटर होगी, रेलवे ट्रैक के बाद ब्रिज की लंबाई 417.8 मीटर होगी। इसके बाद टी आकार लेते हुए बैहर बायपास की तरफ 304.6 मीटर लंबाई होगी।

निरीक्षण के बाद विधायक बिसेन ने सरेखा ओवरब्रिज के निर्माण की तरफ बढ़ते कदम से खुश होकर तत्काल मिठाई मंगवाई और अपने सामने जो आया उसे अपने हाथों से मिठाई खिलाई। मोटरसाइकिल, ऑटो चालकों को रोककर उनका मुंह मीठा किया। इतना ही नहीं विधायक बिसेन ने अधिकारियों को अपने हाथों से मिठाई खिलाई। मीडिया से चर्चा के दौरान विधायक बिसेन ने बताया कि गर्रा रेलवे क्रॉसिंग पर ओवरब्रिज के लिए 31 करोड़ रुपए स्वीकृत होने तथा टेंडर जारी हो गया है। उन्होंने कहा कि भटेरा रेलवे ओवरब्रिज के लिए किसी घर का नहीं तोड़ा जाएगा और किसी को चिंता करने की जरूरत नहीं है।

ओवरब्रिज के निरीक्षण के दौरान विधायक बिसेन ने मीडिया के सामने एक बार फिर कहा कि मुझे पागल कहने वालों को सबक सिखाऊंगा। उन्होंने सोनेवानी अभ्यारण का भी मुद्दा उठाते हुए कहा कि मेरी लाश के ऊपर से अभ्यारण बनेगा। बैठक में इस प्रस्ताव को रद्द करूंगा। उन्होंने कहा कि सोनेवानी में अभ्यारण बनाने वाले अकेले रह जाएंगे बाकी मेरे साथ रहेंगे। उन्होंने विधायक हिना कावरे, संजय उइके, टामलाल सहारे, सांसद डॉ. ढालसिंह बिसेन सभी हमारा साथ देंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here