पदमेश न्यूज़, बालाघाट। कार्यालय आयुक्त सहकारिता एवं पंजीयक सहकारी संस्थाएं भोपाल से 27 फरवरी को आर.एस. मांझी मत्स्य सहकारी समिति मर्यादित सोनपुरी का पंजीयन विधि विरूद्ध और त्रुटिपूर्ण तरीके से किया जाना पाते हुए पंजीयन को निरस्त करने के आदेश जिला पंजीयक, सहकारिता बालाघाट को हो गए है, बावजूद इसके एक पखवाड़े बाद भी डीआर सहकारिता बालाघाट में यह कार्यवाही पेडिंग है। अब अधिकारी कह रहे है कि हमें पंजीयन निरस्त की फाईल नहीं मिली है।जबकि इसका आदेश शिकायतकर्ता सरस्वती सहकारी समिति मर्यादित पौंडी उकवा के पास पहुंच गया है।जिससे इस लंबी लड़ाई को जीतने वाली सरस्वती सहकारी समिति मर्यादित पौंडी ने, अधिकारी पर टालमटोल करने का आरोप लगाते हुए शुक्रवार को कार्यालय में एक बार फिर प्रदर्शन कर पंजीयन को निरस्त करने की कार्यवाही किए जाने की मांग की।
27 फरवरी को जारी हुए है आदेश,
सरस्वती सहकारी समिति मर्यादित पौंडी के पदाधिकारियों ने बताया कि पौंडी उकवा में समिति होने के बावजूद, कुछ लोगों ने बिना जानकारी के अन्य गांवो के लोगों को लेकर एक नई समिति का गठन कर लिया गया था। जिसकी जानकारी के बाद जिले से लेकर भोपाल पंजीयक कार्यालय तक शिकायत और आवेदन दिए गए लेकिन कोई कार्यवाही नहीं हुई। इस बीच हमने मत्स्य विभाग के मंत्री से मुलाकात की, पूरी वस्तुस्थिति से अवगत कराया था। जिसके बाद मामले में हुई जांच के बाद यह साफ हो गया कि आर.एस. मांझी मत्स्य सहकारी समिति मर्यादित सोनपुरी का पंजीयन विधि विरूद्ध और त्रुटिपूर्ण तरीके से किया गया है।जिसके बाद आयुक्त सहकारिता एवं पंजीयक सहकारी संस्थाएं से 27 फरवरी 2026 को समिति का पंजीयन निरस्त करने का आदेश जारी किया गया है। जिसे एक पखवाड़े बीत जाने के बाद भी डीआर कार्यालय बालाघाट, पंजीयन निरस्त को लेकर टालमटोल रवैया अपना रहे है। जिसके चलते आज वे यहां पहुंचे थे।
तो करेंगे बड़ा आंदोलन- करुणा बर्वे
ज्ञापन को लेकर की गई चर्चा के दौरान सरस्वती सहकारी समिति मर्यादित अध्यक्ष करूणा बर्वे ने बताया कि आर.एस. मांझी मत्स्य सहकारी समिति मर्यादित सोनपुरी का पंजीयन ,आयुक्त सहकारिता एवं पंजीयक सहकारी संस्थाएं द्वारा 27 फरवरी को निरस्त करने के आदेश जारी किए गए है।लेकिन अब तक जिला कार्यालय से उक्त समिति का पंजीयन निरस्त नही हो पाया है।जिसको लेकर कार्यालय आने पर यहां के डीआर राजेश उईके ने उन्हें बताया कि पंजीयन निरस्त की फाईल उनके कार्यालय तक नहीं पहुंची है, अब अधिकारी कह रहे है कि रविवार तक फाइल मंगाकर, बुधवार को पंजीयन निरस्त की कार्यवाही की जाएगी। यदि इसके बाद भी पंजीयन को निरस्त नहीं किया जाता है तो हम फिर आदेश की अवमानना के तहत डीआर कार्यालय का घेराव कर कार्यालय के सामने बड़ा आंदोलन करेंगे।









































