कक्षा 9वीं से 12वीं तक के विघार्थियों की दर्ज होगी ऑनलाइन उपस्थिति
ई-उपस्थिति के बाद शिक्षा विभाग का नया कदम, एजुकेशन पोर्टल 3.0 पर दर्ज होगा रोजाना अटेंडेंस
फोटो।
पदमेश न्यूज़।बालाघाट।सरकारी स्कूलों में शिक्षक की उपस्थिति को ई-अटेंडेंस के माध्यम से ऑनलाइन करने के बाद, अब शिक्षा विभाग विद्यार्थियों की उपस्थिति भी ऑनलाइन करने की ओर आगे बढ़ रहा है। विद्यार्थियों की उपस्थिति को लेकर शिक्षा विभाग अब व्यवस्था को डिजिटल करने जा रहा है। शिक्षकों की ई-उपस्थिति के बाद अब कक्षा 9वीं से 12वीं तक अध्ययनरत विद्यार्थियों की ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज की जाएगी। लोक शिक्षण संचालनालय ने इस संबंध में शिक्षा विभाग को निर्देश जारी कर दिए हैं।बताया गया कि नई व्यवस्था के तहत विद्यार्थियों की रोजाना उपस्थिति एजुकेशन पोर्टल 3.0 पर दर्ज होगी।
जिले के 85 हजार विघार्थियों पर लागू होगा नियम
बात अगर जिले की करे तो विभागीय जानकारी के अनुसार जिले में कक्षा 9वीं से 12वीं तक करीब 85 हजार विद्यार्थी अध्ययनरत हैं। नई ऑनलाइन व्यवस्था लागू होने के बाद इन विद्यार्थियों की उपस्थिति का रिकॉर्ड पोर्टल पर उपलब्ध रहेगा। विभाग इसी ऑनलाइन डाटा के आधार पर विद्यार्थियों की उपस्थिति की निगरानी करेगा।
कक्षा शिक्षक को दर्ज करनी होगी वास्तविक उपस्थिति
बताया गया कि एजुकेशन पोर्टल 3.0 पर संबंधित कक्षा के सभी विद्यार्थियों की सूची प्रदर्शित होगी। कक्षा शिक्षक को विद्यार्थियों की वास्तविक उपस्थिति के अनुसार जानकारी अपडेट करनी होगी। इसके लिए उपस्थित, अनुपस्थित और अवकाश की तीन श्रेणियां निर्धारित की गई हैं।जिसमे विघार्थियों की जानकारी दर्ज की जाएगी।नई व्यवस्था में सिस्टम में सभी विद्यार्थियों की उपस्थिति पहले से दर्ज रहेगी। शिक्षक को केवल उन विद्यार्थियों के नाम के सामने ‘अनुपस्थित’ दर्ज करना होगा, जो कक्षा में मौजूद नहीं हैं। वहीं छुट्टी पर रहने वाले विद्यार्थियों के लिए ‘अवकाश’ विकल्प चुना जाएगा। जानकारी दर्ज करने के बाद शिक्षक को उसे सेव करना होगा।
कम उपस्थिति वालों पर रहेगी नजर
विभागीय जानकारी के अनुसार ऑनलाइन उपस्थिति शुरू होने के बाद शिक्षा विभाग को विद्यार्थियों की उपस्थिति का नियमित और व्यवस्थित डाटा मिल सकेगा। कम उपस्थिति वाले विद्यार्थियों की पहचान कर स्कूल प्रबंधन उनकी पढ़ाई में अतिरिक्त मदद की योजना बना सकेगा। जरूरत पड़ने पर ऐसे विद्यार्थियों के लिए अतिरिक्त कक्षाएं भी संचालित की जा सकेंगी।वही लगातार अनुपस्थित रहने वाले विद्यार्थियों के अभिभावकों से संपर्क कर उन्हें बच्चों की नियमित उपस्थिति के लिए प्रेरित किया जाएगा। विभाग का मानना है कि ऑनलाइन उपस्थिति से स्कूलों में विद्यार्थियों की वास्तविक उपस्थिति की निगरानी अधिक प्रभावी तरीके से हो सकेगी।
संचालनालय के निर्देशो का जिले में कराया जाएगा पालन-धनश्री जैन
इस पूरे मामले को लेकर दूरभाष पर की गई चर्चा के दौरान जिला शिक्षा अधिकारी धनश्री जैन ने बताया कि संचालनालय के निर्देश के अनुसार कक्षा 9वीं से 12वीं तक विद्यार्थियों की उपस्थिति एजुकेशन पोर्टल 3.0 पर दर्ज की जाएगी। विद्यार्थियों की उपस्थिति संबंधी जानकारी पोर्टल के माध्यम से ही प्राप्त की जाएगी।हमे संचालनालय से जो निर्देश प्राप्त हुए हैं उसका जिले में सह-अक्षर पालन कराया जाएगा।










































