कोलंबो: श्रीलंका के जाफना के बाहरी इलाके चेम्मानी में सामूहिक कब्रों की खुदाई फिर से शुरू की जाएगी। अदालत ने खुदाई का काम फिर से शुरू करने का आदेश दिया है, जिसे सात महीने पहले रोक दिया गया था। पिछले साल सितंबर में फंड के आवंटन में देरी के चलते खुदाई रोकी गई थी। बीते साल 45 दिनों तक सामूहिक कब्रों की खुदाई में 240 कंकाल निकाले गए थे। कब्रों से हड्डियों के 14 ढेर, बच्चों को दूध पिलाने वाली बोतलें, खिलौने और बच्चों के बैग जैसी चीजें भी खुदाई में मिली थीं। कथित तौर पर ये अवशेष 80 और 90 के दशक में श्रीलंका के गृहयुद्ध के दौरान कत्ल किए गए लोगों की हैं।
चेम्मानी में सामूहिक कब्रों वाली यह जगह पहली बार 1990 के दशक में लिट्टे संघर्ष के दौरान चर्चा में आई थी। बीते साल इसकी खुदाई का काम रुकने के बाद अदालत ने इसमें दखल दी है। जाफना मजिस्ट्रेट कोर्ट को मंगलवार को बताया गया कि 21 लाख श्रीलंकाई रुपये (एलकेआर) का आवंटन उपलब्ध करा दिया गया है ताकि खुदाई का काम शुरू किया जा सके।









































