सहायक यंत्री व क्लर्क के घर ईओडब्‍ल्‍यू का छापा आरोपी कर्मचारी की तबीयत बिगड़ी, अस्पताल में भर्ती

0

प्रदेश में आज दो स्थानों एक सहायक यंत्री और दूसरी क्लर्क के घर पर आर्थिक अपराध अन्‍वेषण शाखा (ईओडब्‍ल्‍यू) की टीम ने छापामार कार्रवाई को अंजाम दिया। दोनों ही ठिकानों से बेहिसाब संपत्ति मिलने की जानकारी मिली है। प्रदेश के जबलपुर नगर निगम के सहायक यंत्री आदित्य शुक्ला के रतन नगर जबलपुर स्थित घर पर आज सुबह ईओडब्ल्यू की टीम ने छापा मारा है। टीम के पहुंचते ही शुक्ला के घर पर हड़कंप मच गया। सुबह अब तक की सर्च कार्रवाई में सहायक यंत्री के पास आलीशान घर, लग्जरी कारें, भूखंड सहित करोड़ों करोड़ों की संपत्ति का पता चला है। ईओडब्ल्यू एसपी देवेंद्र प्रताप सिंह राजपूत ने बताया कि आय से अधिक मामले की शिकायत की जांच के बाद सुबह 6:00 बजे ईओडब्ल्यू जबलपुर एवं सागर की टीम द्वारा नगर निगम के सहायक यंत्री आदित्य शुक्ला के घर पर सर्च कार्रवाई शुरू की गई है। अब तक की कार्रवाई में सहायक यंत्री शुक्ला के पास रतन नगर में 3900 वर्ग फीट का भूखंड, 15 वर्ग फीट पर बना आलीशान मकान, तीन लग्जरी वाहन, बैंक में जमा छह लाख 40 हजार रुपए का पता चला है। कार्रवाई जारी है। वहीं राजधानी के संत हिरदाराम नगर में मिनी मार्केट रोड स्थित एक शासकीय कर्मचारी के यहां आर्थिक अपराध अन्‍वेषण शाखा (ईओडब्‍ल्‍यू) की ने बुधवार सुबह छापामारी कार्रवाई की। टीम ने मौके पर पहुंचते ही परिवार के सदस्‍यों के घर से बाहर जाने पर रोक लगा दी और दस्‍तावेजों को अपने कब्‍जे में छानबीन शुरू कर दी। इस छापामार कार्रवाई के दौरान आरोपित कर्मचारी की तबीयत बिगड़ गई। उसे एक निजी अस्‍पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है। कर्मचारी के आवास के बाहर पुलिस बल तैनात है। टीम आय से अधिक संपत्‍ति के मामले में कार्रवाई करने पहुंची है। कर्मचारी का नाम हीरो केसवानी है। वह वल्लभ भवन में बतौर क्‍लर्क पदस्थ है। विभाग को उसके खिलाफ लंबे समय से भ्रष्‍टाचार की शिकायतें मिल रही थीं। सुबह करीब 8:00 बजे से ईओडब्‍ल्‍यू की टीम घर में तलाशी लेते हुए दस्‍तावेजों की पड़ताल कर रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here