ब्रिटेन में नए प्रधानमंत्री के चुनाव को लेकर कंजरवेटिव पार्टी के सदस्यों के मतदान को हैक करने की एक चेतावनी के बाद रोक दिया गया है। जीसीएचक्यू जासूसी एजेंसी ने चेतावनी जारी की है कि साइबर अटैक के माध्यम से पार्टी सदस्यों के मतपत्रों को बदला जा सकता है। हैकिंग की चेतावनी के बाद कंजर्वेटिव पार्टी को अपने सदस्यों को बाद में अपना वोट बदलने की अनुमति देने की योजना को स्थगित करना पड़ गया।
उल्लेखनीय है कि सरकारी संचार मुख्यालय (जीसीएचक्यू) ब्रिटेन के लिए खतरों की पहचान करने और उन्हें रोकने के लिए दुनिया भर से जानकारी एकत्र करता है। राष्ट्रीय साइबर सुरक्षा केंद्र (एनसीएससी) के एक प्रवक्ता, जो जीसीएचक्यू का ही एक हिस्सा है, ने कहा कि उन्होंने सिर्फ कंजर्वेटिव पार्टी को एडवाइजरी जारी की थी।
उन्होंने कहा कि ऑनलाइन नेतृत्व मतदान के लिए सुरक्षा कारणों पर एनसीएससी ने कंजर्वेटिव पार्टी को सलाह प्रदान की थी, जिसके बाद पार्टी ने सदस्यों द्वारा प्रक्रिया के दौरान वोट को बदलने की अपनी योजना को रोक दिया है। चुनाव में पार्टी के नए नेता और देश का प्रधानमंत्री चुनने के लिए 160,000 पार्टी सदस्यों को पोस्टल बैलेट भी जारी किए गए हैं, जिसके 11 अगस्त तक सदस्यों तक पहुंचने की उम्मीद है। ब्रिटेन के प्रधानमंत्री पद की दौड़ में लिज ट्रस लगभग सभी सर्वेक्षणों में ऋषि सुनक से आगे चल रही हैं। हाल ही में किए गए एक जनमत संग्रह में ट्रस को ऋषि सुनक से 34 पॉइंट आगे दिखाया गया है। पोल में लिज के समर्थन में 60 प्रतिशत मतदाता हैं जबकि ऋषि के खाते में महज 26 प्रतिशत।









































