अपने मार्गदर्शक को निहारते रहे, बेटे की तरह दी आखिरी विदाई… मनमोहन को राहुल ने यूं किया गुड बाय

0

नई दिल्ली: पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह को अंतिम विदाई देने कांग्रेस मुख्यालय पर तमाम नेता और हस्तियां पहुंची। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और सोनिया गांधी ने पार्टी का ध्वज के जरिए उन्हें श्रद्धांजलि दी। इस दौरान लोकसभा के नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी का बॉडी लैंग्वेज बेहद खास था। वो अपने मार्गदर्शक मनमोहन को काफी देर तक निहारते रहे। राहुल ने बड़ी भावुकता से उन्हें आखिरी बार प्रणाम किया। वहीं उनकी अंतिम यात्रा के दौरान भी वो उस वाहन में दिखे, जिससे मनमोहन सिंह का शव निगम बोध घाट ले जाया गया।

अपने मार्गदर्शक को निहारते रहे राहुल

जब डॉ. मनमोहन सिंह का पार्थिव शरीर उनके आवास से कांग्रेस मुख्यालय लाया गया, तो सभी नेताओं ने एक-एक कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इस दौरान राहुल गांधी ने फूल चढ़ाकर और हाथ जोड़कर उन्हें आखिरी बार प्रणाम किया। राहुल काफी देर तक खड़े होकर मनमोहन सिंह को निहारते रहे। उनके चेहरे में भावुकता साफ देखी जा सकती थी।

बेटे की तरह मनमोहन के परिवार का थामा हाथ

जब मनमोहन सिंह का पार्थिव शरीर कांग्रेस मुख्यालय पहुंचा, तो राहुल गांधी पहले से वहां मौजूद थे। वो आगे बढ़कर मनमोहन सिंह की पत्नी और बेटियों के पास पहुंचे और उन्हें अंदर लेकर गए। मनमोहन सिंह के परिवार के साथ राहुल गांधी नजर आए।

अंतिम यात्रा में भी परिवार के साथ रहे

इसके अलावा जब कांग्रेस मुख्यालय से मनमोहन सिंह का पार्थिव शरीर निगम बोध घाट के लिए निकला तो राहुल गांधी उस वाहन में दिखे, जिससे पार्थिव शरीर को लेकर जाया जा रहा था। राहुल गांधी मनमोहन सिंह के परिवारीजन की तरह ही पूरे वक्त साथ दिखे। वहीं कांग्रेस पार्टी के सभी अन्य नेता अलग-अलग गाड़ियों से मनमोहन सिंह की अंतिम यात्रा में शामिल हुए।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here