अमेरिका के मिनियापोलिस में डाउनटाउन इलाके की एक अपार्टमेंट बिल्डिंग में भीषण गोलीबारी की घटना सामने आई है। इस हमले में 2 नागरिकों की मौत हो गई, जबकि संदिग्ध हमलावर भी मारा गया। 3 पुलिस अधिकारियों समेत 7 लोग घायल हैं।अमेरिका के मिनेसोटा राज्य स्थित मिनियापोलिस शहर के डाउनटाउन इलाके में गोलीबारी की एक भयावह घटना सामने आई है। लोरिंग पार्क के पास स्थित एक बहुमंजिला अपार्टमेंट बिल्डिंग में सिरफिरे बंदूकधारी ने अंधाधुंध फायरिंग कर दी। इस खूनी वारदात में दो आम नागरिकों की मौत हो गई, जबकि जवाबी कार्रवाई और धुंध के बीच संदिग्ध हमलावर भी मारा गया। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस टीम पर भी हमलावर ने गोलियां बरसाईं। इस मुठभेड़ में 3 पुलिस अधिकारी घायल हो गए हैं, जिनमें से 2 अधिकारियों को सीधे गोलियां लगी हैं।
धुएं से भरी मंजिलें और गोलियों की तड़तड़ाहट
मिनियापोलिस पुलिस विभाग के सार्जेंट गैरेट पार्टन ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि घटना बुधवार दोपहर (स्थानीय समयानुसार) की है। पुलिस को जब इमारत में एक्टिव शूटर और गोलियां चलने की सूचना मिली, तो भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा। जैसे ही पुलिस अधिकारी ऊपर की मंजिलों की तरफ बढ़े, वहां धुएं जैसी स्थिति बनी हुई थी, जिससे दृश्यता न के बराबर थी। एक पीड़ित की अपार्टमेंट के भीतर ही गोली लगने से मौके पर मौत हो गई थी, जबकि दूसरे गंभीर रूप से घायल नागरिक ने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया।
अस्पताल में भर्ती 7 घायल
घटना के तुरंत बाद घायलों को नजदीकी ‘हेनेपिन काउंटी मेडिकल सेंटर’ ले जाया गया। अस्पताल प्रशासन के मुताबिक, गोलीबारी के बाद कुल 7 मरीजों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायल हुए तीनों पुलिस अधिकारियों का इलाज चल रहा है। राहत की बात यह है कि हेनेपिन काउंटी मेडिकल सेंटर ने तीनों पुलिस अधिकारियों की स्थिति खतरे से बाहर और स्थिर बताई है। हालांकि, अन्य घायल नागरिकों की हालत पर अतिरिक्त जानकारी जुटाई जा रही है।एक निवासी ने मीडिया को बताया कि उसने बिल्डिंग में ही रहने वाले एक व्यक्ति को हाथ में पिस्टल लिए देखा था। गोलियों की तड़तड़ाहट सुनते ही वह अपनी जान बचाने के लिए नीचे की तरफ भागा। FBI, ATF और SWAT की टीमों ने पूरी इमारत को घेरकर सर्च ऑपरेशन चलाया।
लोरिंग पार्क इलाके में अलर्ट जारी
जिस इलाके में यह वारदात हुई, वह घनी आबादी वाला लोरिंग पार्क र मिनियापोलिस कन्वेंशन सेंटर का पास का क्षेत्र है। शासन और स्थानीय पुलिस ने सुरक्षा के लिहाज से पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी है और आम नागरिकों को अगली एडवाइजरी जारी होने तक घटना स्थल और आसपास के रास्तों से दूर रहने की सख्त सलाह दी है। मामले की जांच जारी है और हमलावर के मकसद का पता लगाया जा रहा है।










































