अर्जेंटीना के स्वास्थ्य अधिकारियों ने कहा कि देश में इस सप्ताह अज्ञात मूल के निमोनिया से एक तीसरे व्यक्ति की मौत हो गई है। सूत्रों के मुताबिक टुकुमन के स्वास्थ्य मंत्री लुइस मदीना रुइज़ ने बताया कि उत्तर-पश्चिमी तुकुमान प्रांत में नौ लोग सांस की रहस्यमय बीमारी से पीड़ित हैं, जिसमें एक निजी क्लिनिक के आठ चिकित्सा कर्मचारी भी शामिल हैं। इससे पहले दो स्वास्थ्य कर्मियों की मौत हुई थी और अब क्लिनिक में एक मरीज ने भी दम तोड़ दिया है। अधिकारी बीमारी के स्वरूप पर परीक्षण कर रहे हैं, लेकिन स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि कोविड -19, फ्लू, इन्फ्लूएंजा- ए और बी, लेगियोनेला वायरस, और हंटा वायरस की आशंकाओं को चिकित्सकों ने पहले ही खारिज कर दिया है। मरीजों के लक्षणों में उल्टी, तेज बुखार, दस्त और शरीर में दर्द शामिल है। इलाज करा रहे छह लोगों में से चार की हालत गंभीर है जबकि दो अस्पताल में हैं तो दो होम आइसोलेशन में हैं। बीमारी फैलने के बाद क्लिनिक के अन्य सभी कर्मचारियों पर नजर रखी जा रही है। फिलहाल विशेषज्ञ संभावित कंटैमिनेशन या प्वॉइजनिंग के लिए पानी और एयर कंडीशनर का विश्लेषण कर रहे हैं। प्रांतीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि प्रकोप एक संक्रामक एजेंट से आ सकता है, लेकिन जांचकर्ता प्वॉइजनिंग या पर्यावरणीय कारणों को भी जांच रहे हैं। फिलहाल, इस क्लिनिक के बाहर से कोई मामला सामने नहीं आया है।










































