पद्मेश न्यूज। वारासिवनी। महाराजा शंकर शाह कुंवर रघुनाथ शाह आदिवासी सामुदायिक भवन में मध्य प्रदेश पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के तत्वाधान में लाइनमैन दिवस का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम बालाघाट सिवनी लोकसभा सांसद श्रीमती भारती पारधी, पूर्व मंत्री प्रदीप जायसवाल ,पूर्व विधायक डॉ योगेंद्र निर्मल ,विधायक विवेक पटेल ,कटंगी विधायक गौरव सिंह पारधी सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारियों की उपस्थिति में कार्यक्रम प्रारंभ किया गया। जिसमें सर्वप्रथम उपस्थित अतिथियों के द्वारा मां सरस्वती के छायाचित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर माल्यार्पण किया गया। तत्पश्चात् उत्कृष्ट कार्य करने वाले बिजली विभाग के कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र व शील्ड देकर सम्मानित किया गया। वहीं अच्छे उपभोक्ताओं को भी सम्मानित किया गया। तत्पश्चात सामुदायिक भवन परिसर में जिमनास्टिक कलाकारों के द्वारा कर्तब दिखाया गया। जिसमें नासिक महाराष्ट्र से पहुंचे जिमनास्टिक कलाकारों के द्वारा मोटरसाइकिल एवं अन्य प्रकार से हैरत अंगेज कारनामों को किया गया। इस दौरान कार्यपालन अभियंता बी एल भैना ,सहायक अभियंता राहुल तूरकर ,के एल गौतम ,प्रणय श्रीवास्तव ,राजकुमार शर्मा ,कन्हैया खैरवार, आनंद बिसेन, मनोज पाराशर सहित विभागीय अधिकारी कर्मचारीगण मौजूद रहे।
व्यक्ति में उत्साह उमंग और नवाचार नहीं है तो वह जीवन में उदासी है-प्रदीप जायसवाल
पूर्व मंत्री प्रदीप जायसवाल ने कहा कि सर्वोच्च प्राथमिकता आपको सुविधा देना है आप सभी लाइनमैन है और उसी का यह सम्मान है। यदि व्यक्ति में उत्साह उमंग और नवाचार नहीं है तो वह जीवन में उदासी है और आपके उत्साह को बढ़ाने के लिए यह कार्यक्रम प्रारंभ किया गया है। सिंगरौली का मैं प्रभारी मंत्री था उस समय यह अधिकारी वहां थे वहां भी हमने बहुत काम किया। यह जो सम्मान कार्यक्रम है यह आपका महत्व बताता है कि कंपनी में आपका क्या महत्व है। आपकी एकजुट मेहनत से ही आज यह सफलता कंपनी और प्रदेश को मिल रही है। कभी कोई समस्या हो तो आप सभी चर्चा करें बातचीत करें और हल निकाले और फील्ड पर अपने परिवार का ध्यान रखते हुए मेहनत करें ताकि आप और आपका परिवार सुरक्षित रहे।
लाईनमैन जीवन की परवाह ना करते हुए हमारे लिए रोशनी प्रदान करते है-भारती पारधी
सांसद भारती पारधी ने कहा कि अपने जीवन की परवाह ना करते हुए हमारे लिए रोशनी प्रदान करते है। आप लोगों के कारण ही हम अपने परिवार वालो के साथ जगमगाती रोशनी के बीच दीपावली मनाते है। आप लोगों के कारण ही हम एसी और पंखों की ठंडी हवा ले पाते है समय आने पर कर्मचारियों को डांटते भी हम ही है। बिजली गुल होने पर लाइनमैन को शिकायत करते हैं लेट आने पर डॉट भी वहीं खाता है लाइनमैन विषम परिस्थितियों में भी मैदान में डटे रहते है। जल्द बाजी के कारण कार्य में लाफ रवाही ना करे पूरे सेफ्टी के साथ कम से कम दो लोग साथ में रहकर कार्य करें।










































